
दंडकारण्य दर्पण
नारायणपुर में डी-माइनिंग के दौरान भीषण हादसा, आईईडी विस्फोट में चार जवान शहीद
छोटेबेठिया सीमा क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ विस्फोट, बस्तर रेंज में बढ़ाई गई सतर्कता
नारायणपुर, 2 मई 2026। जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कांकेर–नारायणपुर सीमा इलाके में डी-माइनिंग और एरिया डॉमिनेशन ऑपरेशन के दौरान हुए आईईडी विस्फोट में अब चार जवानों की शहादत हो गई है। पहले तीन जवानों के शहीद होने की पुष्टि हुई थी, वहीं उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल चौथे जवान ने भी दम तोड़ दिया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कांकेर डीआरजी के इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले विस्फोट की चपेट में आकर मौके पर ही शहीद हो गए थे। वहीं गंभीर रूप से घायल कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा को तत्काल उपचार के लिए भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी अंतिम सांस ली।
बताया गया है कि सुरक्षा बलों की टीम क्षेत्र में पूर्व में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी को निष्क्रिय करने के अभियान में लगी हुई थी। इसी दौरान अचानक विस्फोट हो गया, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों की गतिविधि बढ़ा दी गई है और सघन सर्चिंग अभियान जारी है।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में आत्मसमर्पित माओवादी कैडरों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर सैकड़ों आईईडी बरामद कर निष्क्रिय किए गए हैं। हालांकि इस दौरान हुआ यह हादसा अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।
घटना के बाद पूरे जिले में शोक का माहौल है। सुरक्षा बलों ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। प्रशासन ने बताया कि मामले से संबंधित आगे की जानकारी समय-समय पर साझा की जाएगी और अभियान लगातार जारी रहेगा।




