CG News: वाटर स्पोर्ट्स में सुरक्षा पर सख्ती, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिए कड़े निर्देश

दंडकारण्य दर्पण
वाटर स्पोर्ट्स में सुरक्षा पर सख्ती, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिए कड़े निर्देश
रायपुर, 2 मई 2026। मध्य प्रदेश में हाल ही में हुए क्रूज हादसे के बाद छत्तीसगढ़ में वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में संचालित सभी वाटर स्पोर्ट्स स्थलों की व्यापक समीक्षा करते हुए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जन सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने धमतरी, कोरबा सहित सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का तत्काल सुरक्षा ऑडिट कराएं और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करें।
निर्देशों के अनुसार सभी उपकरणों का नियमित तकनीकी परीक्षण किया जाएगा और प्रशिक्षित एवं दक्ष कर्मचारियों की तैनाती अनिवार्य होगी। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आपातकालीन प्रबंधन तंत्र को सक्रिय रखने पर विशेष जोर दिया गया है। रेस्क्यू उपकरणों, लाइफ जैकेट और अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कलेक्टर इन व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करें और यदि कहीं सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित अधिकारियों या संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने नागरिकों और पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सभी गतिविधियां सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संचालित होना जरूरी है।
राज्य सरकार ने इन निर्देशों के पालन की नियमित समीक्षा करने और समय-समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।




