CG News: रथ रैली से हुई शुरुआत, धर्मसभा और सम्मान समारोह ने बढ़ाया आध्यात्मिक उत्साह
नारायणपुर में रामकृष्ण मिशन का 129वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

दंडकारण्य दर्पण
नारायणपुर में रामकृष्ण मिशन का 129वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
रथ रैली से हुई शुरुआत, धर्मसभा और सम्मान समारोह ने बढ़ाया आध्यात्मिक उत्साह
नारायणपुर, 1 मई 2026। रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर में 129वां स्थापना दिवस श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6:30 बजे श्रीरामकृष्ण देव की भव्य रथ रैली से हुआ। रैली आश्रम परिसर से निकलकर कर्मचारियों के आवासों सहित पूरे परिसर में भ्रमण करती हुई संपन्न हुई। इसमें लगभग 800 छात्र-छात्राएं, 200 कर्मचारी एवं उनके परिवारजन तथा करीब 100 भक्तगण शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।
सायंकाल 5:00 बजे धर्मसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेलुड़ मठ से पधारे स्वामी लोकेशानन्द रहे, जबकि अध्यक्षता स्वामी पूर्णानंद ने की। विशिष्ट अतिथियों में स्वामी कृष्णामृतानन्द, सचिव रामकृष्ण मिशन आश्रम ग्वालियर तथा विवेकानंद विद्यापीठ रायपुर के संस्थापक डॉ. ओमप्रकाश वर्मा उपस्थित रहे।
आश्रम के सचिव स्वामी व्याप्तानन्द ने स्वागत भाषण देते हुए बीते वर्ष की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। डॉ. ओमप्रकाश वर्मा ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और उनके संदेशों पर प्रकाश डाला। स्वामी कृष्णामृतानन्द ने माँ सारदा देवी के जीवन दर्शन को साझा किया, वहीं स्वामी लोकेशानन्द ने श्रीरामकृष्ण देव के जीवन पर प्रेरणादायी विचार रखे।
समारोह के दौरान आश्रम से जुड़े कर्मचारियों और कृषक बंधुओं को सम्मानित किया गया। 35 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा के लिए शिक्षक घनश्याम दास साहू को नरेंद्र सेवक पुरस्कार प्रदान किया गया। अस्पताल में 20 वर्षों से सेवाएं दे रहीं श्रीमती भोई को निवेदिता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कंदाड़ी गांव के कृषक चेंदरू राम मंडावी को उत्कृष्ट कृषि कार्यों के लिए कृषक सम्मान पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, कर्मचारियों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। आयोजन के दौरान आध्यात्मिकता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का सुंदर संगम देखने को मिला, जिससे स्थापना दिवस समारोह यादगार बन गया।




