CG: मेरे सपनों का भारत प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
वन मंत्री केदार कश्यप ने बच्चों की रचनात्मकता को सराहा, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का किया आह्वान

मेरे सपनों का भारत प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
चित्रों और भाषण के जरिए विद्यार्थियों ने रखा विकसित भारत का अपना सपना
वन मंत्री केदार कश्यप ने बच्चों की रचनात्मकता को सराहा, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का किया आह्वान
नारायणपुर, 19 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत नारायणपुर के बालक हायर सेकेंडरी विद्यालय में मेरे सपनों का भारत विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया और भाषण प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
वन मंत्री केदार कश्यप ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। देश के विकास की मजबूत नींव बच्चों और युवाओं से तैयार होती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाते हुए परिवार, समाज और देश की प्रगति में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रतिभा और ऊर्जा की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें सही दिशा, उचित मार्गदर्शन और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर देने की है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें सामाजिक और राष्ट्रीय विषयों के प्रति जागरूक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
चित्रों में दिखा बच्चों के सपनों का भारत
विद्यालय परिसर में आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विकसित भारत, स्वच्छ भारत, नशामुक्त समाज, देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को अपनी कल्पनाओं और रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया। वन मंत्री कश्यप ने विद्यार्थियों से उनके चित्रों के विषय और उसके पीछे की सोच के बारे में जानकारी ली तथा उनकी रचनात्मकता की सराहना की।
भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रखे विचार
भाषण प्रतियोगिता में छात्र डेविड नेताम ने विकसित भारत, विद्या सोनवानी ने नशा मुक्ति और सूरज पोटाई ने स्वच्छ भारत सुंदर भारत विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभाव, स्वच्छता के महत्व और देश के विकास में युवाओं की भूमिका को लेकर अपने विचार साझा किए।
वन मंत्री कश्यप ने विद्यार्थियों से गुरुजनों के मार्गदर्शन में आगे बढ़ने, स्वच्छता को अपनाने और नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा, अनुशासन, मेहनत, स्वच्छता, नशामुक्ति और आपसी एकता जैसे मूल्यों को अपनाकर युवा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज जैन, कलेक्टर नम्रता जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चित्रकांत चार्ली ठाकुर सहित बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे।




