CG News: नवा रायपुर की सड़कों पर जल्द दौड़ेंगी 40 ई-बसें प्रधानमंत्री ई बस सेवा के तहत शुरू होगी नई परिवहन सुविधा
आधुनिक सुविधा, स्वच्छ ऊर्जा और बेहतर परिवहन की ओर बड़ा कदम

दंडकारण्य दर्पण
नवा रायपुर की सड़कों पर जल्द दौड़ेंगी 40 ई-बसें
प्रधानमंत्री ई बस सेवा के तहत शुरू होगी नई परिवहन सुविधा
रायपुर।
राजधानी क्षेत्र और नवा रायपुर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। आने वाले दो से तीन महीनों में नवा रायपुर की सड़कों पर 40 इलेक्ट्रिक बसें दौड़ती नजर आएंगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया लगभग तीन महीने पहले ही पूरी कर ली गई थी और अब संचालन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
जानकारी के अनुसार इन ई-बसों का संचालन प्रधानमंत्री ई बस सेवा योजना के तहत किया जाएगा। नई बस सेवा शुरू होने से नवा रायपुर, रायपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर, सुविधाजनक और प्रदूषण मुक्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
इन बसों का संचालन रायपुर रेलवे स्टेशन, आरंग, अभनपुर और माना तक किया जाएगा। इससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों, कर्मचारियों, छात्रों और आम नागरिकों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
परियोजना के तहत बसों के संचालन के साथ-साथ चार्जिंग पॉइंट की व्यवस्था भी संबंधित संचालक एजेंसी द्वारा की जाएगी। इसके लिए आवश्यक तकनीकी और आधारभूत तैयारियां की जा रही हैं, ताकि बस सेवा शुरू होने के बाद संचालन में किसी प्रकार की परेशानी न आए।
सरकार का मानना है कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से एक ओर जहां यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर प्रदूषण में कमी लाने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।
विशेषज्ञों के अनुसार इलेक्ट्रिक बसें भविष्य की जरूरत हैं और बड़े शहरों में तेजी से इनका उपयोग बढ़ रहा है। नवा रायपुर में ई-बस सेवा शुरू होने से राजधानी क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था और अधिक आधुनिक और व्यवस्थित बनने की उम्मीद जताई जा रही है।
लोगों का कहना है कि यदि बसों का संचालन समयबद्ध और सुचारू रूप से किया गया तो इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और यातायात व्यवस्था में भी सुधार देखने को मिलेगा।




