
दंडकारण्य दर्पण
नारायणपुर- पश्चिम बंगाल, असम और पांडिचेरी में मिली जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारायणपुर में भव्य जश्न मनाया। शहर के प्रमुख स्थल जयस्तंभ चौक पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए और जीत की खुशी में जमकर आतिशबाजी की, मिठाइयां बांटी और डीजे की धुन पर नाचते नजर आए।
कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। देशभक्ति गीतों और लोकप्रिय नारों के बीच पूरा क्षेत्र उत्सव के रंग में डूबा रहा। “जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे” जैसे गीतों पर कार्यकर्ताओं ने नाचते-गाते इस जीत को ऐतिहासिक बताया। देर शाम तक जयस्तंभ चौक पर जश्न का माहौल बना रहा।
भाजपा नेताओं ने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का परिणाम बताया। भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती संध्या पवार ने कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और विकास की राजनीति की जीत है। उन्होंने कहा कि पार्टी “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर काम कर रही है, जिससे हर वर्ग का समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा आगे भी जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए इसी तरह जनता की सेवा करती रहेगी।
इस मौके पर अयोग के सदस्य रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, पूर्व जिला अध्यक्ष बृजमोहन देवांगन, भाजपा जिला महामंत्री संदीप झा सहित महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और किसान मोर्चा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उमंग और विजय का जोश साफ दिखाई दिया, जिससे नारायणपुर में राजनीतिक माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया।





