
नारी शक्ति वंदन बिल पर सियासी बवाल, फरसगांव में भाजपा का उग्र विरोध
रैली निकालकर पुतला दहन, महिलाओं के अधिकारों को लेकर जोरदार नारेबाजी
कोंडागांव
नारी शक्ति वंदन बिल को लेकर देशभर में जारी राजनीतिक हलचल के बीच कोंडागांव जिले के फरसगांव में भाजपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। संसद में इस बहुचर्चित विधेयक के पारित नहीं होने से नाराज कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
भाजपा मंडल फरसगांव के नेतृत्व में गुरुवार को एक विशाल रैली निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नेशनल हाईवे स्थित अस्पताल चौक पहुंची। यहां कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया और महिलाओं के अधिकारों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
भाजपा मंडल महामंत्री प्रवीण राव ने कहा कि नारी शक्ति वंदन बिल देश की आधी आबादी को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था, लेकिन विपक्षी दलों की राजनीति के कारण इसे पारित नहीं होने दिया गया। उन्होंने इसे महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय करार दिया।
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रशांत पात्र ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं के मुद्दों पर विपक्ष दोहरी नीति अपनाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो दल महिलाओं के सशक्तिकरण की बात करते हैं, वही ऐसे अहम विधेयकों में बाधा डालते हैं।
भाजपा महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सोमा दास ने कहा कि कार्यकर्ताओं में इस मुद्दे को लेकर गहरी नाराजगी है, जिसे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से व्यक्त किया गया है।
प्रदर्शन में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान पार्टी के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।




