
दंडकारण्य दर्पण
डीआरजी के वीर शहीदों की स्मृति में रात्रिकालीन फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, नारायणपुर में खेल उत्साह चरम पर
नारायणपुर। जिले में डीआरजी के वीर शहीदों की स्मृति में रात्रिकालीन 5-ए-साइड फुटबॉल प्रतियोगिता का 10 अप्रैल 2026 को क्रीड़ा परिसर ग्राउंड, नारायणपुर में भव्य शुभारंभ किया गया। यह प्रतियोगिता 10 अप्रैल से 15 अप्रैल तक आयोजित की जा रही है, जिसमें कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं खिलाड़ियों द्वारा वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन करते हुए मुकाबलों की शुरुआत की गई।
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस तीन मैच खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में लामा बी और डीआरजी बी के बीच निर्धारित समय में 2-2 की बराबरी रही, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट में लामा बी ने 2-1 से जीत दर्ज की। दूसरे मैच में टीएफसी ने बोरपाल को 3-2 से पराजित किया। वहीं तीसरे मुकाबले में लामा ए ने शांतिनगर को 5-2 से हराते हुए शानदार जीत हासिल की।
प्रतियोगिता में विजेता टीम के लिए 17 हजार रुपये, उपविजेता के लिए 13 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान के लिए 10 हजार रुपये का पुरस्कार निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त टॉप गोल स्कोरर एवं बेस्ट गोलकीपर के लिए भी विशेष पुरस्कार रखे गए हैं।
इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा वीर शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट करना है। आगामी दिनों में और भी रोमांचक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक नारायणपुर ने अपने संदेश में कहा कि डीआरजी के वीर शहीदों की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता उनके साहस और बलिदान को नमन करने का एक सार्थक प्रयास है। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है, जिससे समाज में एकता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
उद्घाटन समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय सबद्रा, ऐश्वर्य चंद्राकर, डीएसपी आशीष नेताम, कुलदीप बंजारे, आरआई मोहसिन खान सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।




