भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र, हांदवाड़ा जलप्रपात से ढोलकल गणेश तक पर्यटन स्थलों की दिखी झलक
दिल्ली में छाया छत्तीसगढ़ का पर्यटन वैभव, बस्तर के अनछुए जलप्रपात और लोक संस्कृति ने जीता लोगों का दिल
छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के स्टॉल पर चित्रकोट जलप्रपात का आकर्षक प्रतिरूप, आधुनिक आभासी वास्तविकता (वीआर) तकनीक और पारंपरिक लोकगीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने आगंतुकों को प्रदेश की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विविधता से परिचित कराया। रविवार के अवकाश के कारण बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी ली और प्रदेश की खूबसूरती को करीब से जानने में रुचि दिखाई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यटन विकास को नई दिशा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ के धार्मिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
बस्तर के अनछुए पर्यटन स्थलों ने खींचा देशभर के पर्यटकों का ध्यान
छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के स्टॉल पर बस्तर संभाग के दूरस्थ और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर पर्यटन स्थलों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकलते बस्तर के जंगलों, पहाड़ियों, जलप्रपातों और जनजातीय परंपराओं के बारे में जानने के लिए आगंतुकों में खास उत्सुकता देखने को मिली।
पर्यटन विभाग के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी प्रमिल वर्मा ने आगंतुकों को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी दी। उन्होंने नारायणपुर जिले के प्रसिद्ध हांदवाड़ा जलप्रपात, जिसे बाहुबली जलप्रपात के नाम से भी जाना जाता है, की प्राकृतिक खूबसूरती से लोगों को परिचित कराया। घने जंगलों और पहाड़ियों के बीच स्थित यह जलप्रपात बस्तर की प्राकृतिक संपदा और पर्यटन संभावनाओं का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
इसके साथ ही दंतेवाड़ा जिले की पहाड़ी पर स्थित प्राचीन ढोलकल गणेश प्रतिमा, बीजापुर जिले के नंबी जलप्रपात और कोंडागांव जिले के टाटामारी पर्यटन स्थल के बारे में भी लोगों ने जानकारी प्राप्त की। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा की अनूठी परंपराओं और जनजातीय आस्था के बारे में जानकर आगंतुकों ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत की सराहना की।
गिरौदपुरी धाम के विशाल जैतखाम ने आकर्षित किया
छत्तीसगढ़ पवेलियन में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन स्थलों को भी विशेष स्थान दिया गया। महान संत बाबा गुरु घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में स्थित विशाल जैतखाम की भव्यता ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कुतुब मीनार से भी ऊंचे इस जैतखाम के बारे में जानकर आगंतुकों ने छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति रुचि दिखाई।
इसके अलावा प्रदेश के ऐतिहासिक मंदिरों, धार्मिक स्थलों और आध्यात्मिक विरासत की जानकारी भी साझा की गई। बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास के साथ पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को लेकर भी लोगों ने उत्साह व्यक्त किया।
चित्रकोट जलप्रपात के प्रतिरूप के साथ सेल्फी लेने की लगी होड़
भारत के नियाग्रा के नाम से प्रसिद्ध विश्वविख्यात चित्रकोट जलप्रपात का आकर्षक प्रतिरूप छत्तीसगढ़ पवेलियन का विशेष आकर्षण बना हुआ है। इसकी सुंदर बनावट और प्राकृतिक दृश्य को दर्शाने वाले प्रतिरूप के सामने आगंतुकों में तस्वीरें खिंचवाने और सेल्फी लेने का उत्साह दिखाई दिया।
वहीं पर्यटन विभाग द्वारा तैयार किए गए आधुनिक वीआर जोन में भी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ रही। वीआर तकनीक के माध्यम से आगंतुकों ने एक ही स्थान पर बैठकर छत्तीसगढ़ के विभिन्न पर्यटन स्थलों का आभासी भ्रमण किया। जलप्रपातों, पहाड़ियों और प्राकृतिक दृश्यों का अनुभव युवाओं एवं बच्चों के लिए विशेष आकर्षण रहा।
लोकगीतों और जनजातीय नृत्यों ने बांधा समां
छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति ने भी व्यापार मेले में अपनी विशिष्ट छाप छोड़ी। पारंपरिक वेशभूषा में सजे लोक कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों, संगीत और नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की ऊर्जावान प्रस्तुतियों और पारंपरिक लोकधुनों ने दर्शकों को आकर्षित किया।
इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की जनजातीय जीवनशैली, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता की जीवंत झलक देखने को मिली। आगंतुकों ने कलाकारों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और छत्तीसगढ़ की कला एवं संस्कृति की सराहना की।
धरमलाल कौशिक ने की छत्तीसगढ़ पवेलियन की सराहना
भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में बिल्हा विधायक एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने भी छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प, पर्यटन स्थलों और विकास से जुड़ी गतिविधियों की सराहना की।
छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास का उद्देश्य केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ाना ही नहीं, बल्कि स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर तैयार करना भी है। विशेषकर बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं, जनजातीय समुदायों, हस्तशिल्पियों और ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की संभावनाएं हैं।
प्राकृतिक पर्यटन, साहसिक पर्यटन, धार्मिक पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन और पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक कलाओं को भी नया बाजार मिल सकता है। इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान देश-दुनिया तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन को मिल रहा जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य, जनजातीय संस्कृति और अनछुए पर्यटन स्थलों के प्रति देशभर के लोगों की रुचि बढ़ रही है। खासकर बस्तर के हांदवाड़ा, नंबी जलप्रपात, ढोलकल और टाटामारी जैसे स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किए जाने से पर्यटन के नए अवसरों की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।



