CG News: अनछुआ अबूझमाड़ विकास की नई राह पर, इंद्रावती नदी पर बन रहा विशाल पुल
नारायणपुर और बीजापुर के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी, दूरस्थ गांवों को मिलेगा विकास का नया आधार

अनछुआ अबूझमाड़ विकास की नई राह पर, इंद्रावती नदी पर बन रहा विशाल पुल
नारायणपुर और बीजापुर के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी, दूरस्थ गांवों को मिलेगा विकास का नया आधार
नारायणपुर। वर्षों तक अपनी दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित संपर्क के कारण देश-दुनिया से लगभग कटे रहे अबूझमाड़ क्षेत्र में अब विकास की नई तस्वीर उभर रही है। इंद्रावती नदी पर बन रहा विशाल पुल इस बदलाव का प्रतीक बनकर सामने आया है। यह पुल नारायणपुर और बीजापुर जिलों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करने के साथ-साथ अबूझमाड़ के दूरस्थ गांवों के लिए विकास के नए द्वार खोलेगा।
बरसात के मौसम में इंद्रावती नदी का उफान क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता था। कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों और जिला मुख्यालयों से टूट जाता था, जिससे स्वास्थ्य, शिक्षा, राशन और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच प्रभावित होती थी। पुल निर्माण के बाद वर्षभर आवागमन संभव होगा और ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यह केवल एक पुल नहीं बल्कि अबूझमाड़ के सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन की मजबूत नींव है। बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को गति मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
नारायणपुर जिले के लिए भी यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। लंबे समय से विकास की मुख्यधारा से दूर रहे माड़ क्षेत्र को अब आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है। पुल बनने से दोनों जिलों के बीच आवाजाही आसान होगी और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
अबूझमाड़ के ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस पुल के निर्माण के साथ क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा विकास की बयार गांव-गांव तक पहुंचेगी।
दंडकारण्य दर्पण




