header ads
छत्तीसगढ़नारायणपुरबस्तरराष्ट्रीयशिक्षासामान्य ज्ञान

CG News: नारायणपुर ने रचा शिक्षा में नया इतिहास, 10वीं परिणाम में प्रदेश में दूसरा स्थान

दंडकारण्य दर्पण

 

नारायणपुर ने रचा शिक्षा में नया इतिहास, 10वीं परिणाम में प्रदेश में दूसरा स्थान

 

नारायणपुर, 2 मई 2026। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित वर्ष 2026 के हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणामों में नारायणपुर जिले ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया है, जिससे पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 की तुलना में इस वर्ष परिणामों में बड़ा सुधार दर्ज किया गया है। कक्षा 10वीं में वर्ष 2025 में जहां परिणाम 84.96 प्रतिशत था और जिला प्रदेश में 10वें स्थान पर था, वहीं वर्ष 2026 में यह बढ़कर 94.80 प्रतिशत हो गया और नारायणपुर सीधे दूसरे स्थान पर पहुंच गया। इसी तरह कक्षा 12वीं का परिणाम भी बेहतर हुआ है। वर्ष 2025 में 82.26 प्रतिशत के साथ जिला 19वें स्थान पर था, जो वर्ष 2026 में बढ़कर 86.92 प्रतिशत हो गया और जिला 12वें स्थान पर पहुंच गया।

 

कक्षा 10वीं में जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेरिट सूची में भी स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से जिले के शैक्षणिक वातावरण में उत्साह देखने को मिल रहा है।

 

इस सफलता के पीछे जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की सुनियोजित रणनीति महत्वपूर्ण रही है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से स्कूलों की प्रगति, कमजोर विषयों और विद्यार्थियों की तैयारी पर लगातार नजर रखी गई। बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर अतिरिक्त कक्षाएं, मॉडल टेस्ट, प्री बोर्ड परीक्षाएं और विषयवार मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए गए।

 

कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष रिमेडियल कक्षाएं संचालित की गईं और दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के छात्रों को भी शिक्षा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और समय पर पाठ्यक्रम पूर्ण कराने पर विशेष ध्यान दिया गया।

 

अभिभावकों के साथ सतत संवाद स्थापित कर विद्यार्थियों को घर पर अध्ययन के लिए प्रेरित किया गया और बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों व शिक्षकों को प्रोत्साहित किया गया। इस समन्वित प्रयास का ही परिणाम है कि नारायणपुर ने शिक्षा के क्षेत्र में यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।

 

जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने की उम्मीद जताई है।

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!