header ads
कला और संस्कृतिछत्तीसगढ़नई दिल्लीबस्तरमनोरंजनराजनीतिरायपुरराष्ट्रीयस्वास्थ्य

CG: आशीर्वाद के दीयों से जगमगाई राजधानी, रायपुर में जले 25 लाख से अधिक दीप

सेवा संकल्प अभियान का प्रदेशव्यापी शुभारंभ, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा प्रधानमंत्री मोदी का राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत

 

 

रायपुर,  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर गुरुवार शाम लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठी। प्रदेशव्यापी सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रायपुर में 25 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। जनभागीदारी के इस आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी स्थान मिला।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री अपने निवास कार्यालय से कार्यक्रम के लिए रवाना हुए। इस दौरान छत्तीसगढ़ क्लब चौक से भगत सिंह चौक, घड़ी चौक, शारदा चौक, गौरव पथ और शंकर नगर होते हुए तेलीबांधा तालाब तक पूरे मार्ग में दीपों की रोशनी नजर आई। मार्ग के दोनों ओर नागरिकों ने बड़ी संख्या में दीप जलाकर कार्यक्रम में सहभागिता की।

 

महापुरुषों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण

 

कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभिन्न चौक चौराहों पर रुककर नागरिकों का उत्साह बढ़ाया और उनके साथ दीप प्रज्ज्वलित किए। उन्होंने घड़ी चौक स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर, शारदा चौक स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भगत सिंह चौक स्थित अमर शहीद भगत सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

 

सेवा और राष्ट्र निर्माण का संकल्प प्रेरणास्रोत

 

मरीन ड्राइव में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा को संकल्प और जनसेवा को ध्येय मानकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की प्रतिष्ठा को विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। मां भारती की सेवा के प्रति उनका समर्पण, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर किया जा रहा परिश्रम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रही है। इस अवधि में देश ने विकास और जनकल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक बदलाव देखे हैं। गरीबों के पक्के आवास, स्वच्छ पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता, वित्तीय समावेशन और बुनियादी अधोसंरचना से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाने का कार्य हुआ है।

 

विकसित भारत के संकल्प से जुड़ रही जनभागीदारी

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानकर सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र के साथ देश की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, युवा, महिलाएं, श्रमिक, वंचित और जनजातीय समाज सहित प्रत्येक वर्ग का कल्याण सरकार की नीतियों के केंद्र में है।

 

उन्होंने कहा कि राजधानी में 25 लाख से अधिक आशीर्वाद के दीये जलाकर रायपुरवासियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की हैं। सामाजिक, सांस्कृतिक और विभिन्न जनसंगठनों सहित समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जनभागीदारी की शक्ति को दर्शाती है।

 

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आशीर्वाद का दीया केवल दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि सेवा और जनभागीदारी के संकल्प से जुड़ने का अवसर है। दीप की ज्योति समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में आशा और खुशहाली का प्रकाश पहुंचाने की प्रेरणा देती है।

 

इसी भावना के साथ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ आयोजन

 

कार्यक्रम के दौरान आशीर्वाद का दीया आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किए जाने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर रायपुरवासियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों और जिला प्रशासन की टीम को बधाई दी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी व्यापक जनभागीदारी ने इस आयोजन को यादगार बना दिया है। लाखों नागरिकों की सहभागिता ने सेवा, सद्भावना और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया है।

 

प्रोजेक्ट अक्षरा से बच्चों को किताबों से जोड़ने की पहल

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रायपुर जिला प्रशासन की अभिनव पहल प्रोजेक्ट अक्षरा का शुभारंभ भी किया। इस पहल के माध्यम से बच्चों और युवाओं को स्क्रीन टाइम कम करने तथा पुस्तकों और अध्ययन की संस्कृति से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक आज जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन पुस्तकों से जुड़ाव कल्पनाशक्ति, विचार क्षमता और व्यक्तित्व को समृद्ध करता है। नई पीढ़ी में पढ़ने की आदत विकसित करने की दिशा में प्रोजेक्ट अक्षरा एक सार्थक पहल साबित हो सकती है।

 

कार्यक्रम में नॉन के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

 

दंडकारण्य दर्पण

सच के साथ, समाज के साथ

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!