
व्हाट्सएप नंबर हैक कर पैसे मांगने वाला हैकर पुलिस की गिरफ्त में
नारायणपुर। साइबर अपराध के खिलाफ नारायणपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर उसकी पहचान का दुरुपयोग करते हुए परिचितों से पैसे मांगने वाले आरोपी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। तकनीकी साक्ष्यों के जरिए पुलिस आरोपी तक पहुंची। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मामला थाना छोटे डोंगर क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को प्रार्थिया के मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। आरोपी ने अपना नाम आलोक बताते हुए कहा कि प्रार्थिया के नाम से ग्राम पंचायत छोटे डोंगर में सामान पहुंचा है। सामान प्राप्त करने के लिए उसने एक मोबाइल नंबर डायल करने को कहा।
प्रार्थिया द्वारा उक्त नंबर पर कॉल करने के कुछ समय बाद उसका व्हाट्सएप अकाउंट अनधिकृत रूप से हैक कर लिया गया। इसके बाद आरोपी ने प्रार्थिया की पहचान का इस्तेमाल करते हुए उसके परिचितों और अन्य लोगों को व्हाट्सएप संदेश भेजकर पैसों की मांग शुरू कर दी।
शिकायत के बाद थाना छोटे डोंगर में अपराध क्रमांक 19/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(सी), 66(डी) के तहत जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान और उसके ठिकाने का पता चला। इसके बाद पुलिस टीम उत्तर प्रदेश पहुंची और 22 वर्षीय रितेश गुप्ता, निवासी बड़ा गांव, जिला बलिया को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
नारायणपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान लोगों के कहने पर किसी संदिग्ध नंबर, लिंक या कोड पर कॉल या क्लिक न करें। अपना ओटीपी, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाना अथवा साइबर सेल से संपर्क करें।




