header ads
अधिकारछत्तीसगढ़बस्तररायपुरराष्ट्रीयसामान्य ज्ञानस्वास्थ्य

CG: सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में छत्तीसगढ़ की बड़ी पहल, HPV टीकाकरण अभियान को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन

कोरिया और बलरामपुर ने लक्ष्य के मुकाबले हासिल किया 100 प्रतिशत टीकाकरण

 

सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में छत्तीसगढ़ की बड़ी पहल, HPV टीकाकरण अभियान को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन

कोरिया और बलरामपुर ने लक्ष्य के मुकाबले हासिल किया 100 प्रतिशत टीकाकरण

प्रदेश में अब तक 1.66 लाख से अधिक बालिकाओं को लगा HPV का टीका

रायपुर, 7 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में 14 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा HPV टीकाकरण अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। प्रदेश में अब तक 1.66 लाख से अधिक पात्र बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्कूलों, समुदायों और अभिभावकों के बीच लगातार किए जा रहे संवाद और जागरूकता अभियान का असर अब प्रदेशभर में दिखाई देने लगा है।

अभियान के तहत कोरिया और बलरामपुर जिले ने निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 100 प्रतिशत टीकाकरण पूरा कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इन जिलों में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय समुदाय के समन्वित प्रयासों से सभी पात्र बालिकाओं तक टीके का लाभ पहुंचाया गया।

अभिभावकों के बीच जागरूकता से बढ़ी टीकाकरण की रफ्तार

 

टीकाकरण अभियान के शुरुआती चरण में कुछ अभिभावकों ने HPV वैक्सीन की सुरक्षा, आवश्यकता और प्रभावशीलता को लेकर जानकारी मांगी थी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार समझाइश और जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। इसके बाद अभिभावकों में भरोसा बढ़ा और टीकाकरण की गति में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।

कम कवरेज वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान

प्रदेश के अधिकांश जिलों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में पात्र बालिकाओं का टीकाकरण किया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में टीकाकरण का कवरेज अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष संपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं। अभिभावक बैठकों, स्कूल स्तर पर संवाद कार्यक्रमों और घर-घर पहुंचकर परामर्श के माध्यम से लोगों को टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी जा रही है।

सर्वाइकल कैंसर से बचाव में HPV वैक्सीन अहम

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार HPV संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक है। HPV वैक्सीन इस संक्रमण से बचाव के लिए प्रभावी माध्यम माना जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन सहित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं ने HPV टीकाकरण की सुरक्षा और प्रभावशीलता को मान्यता दी है। दुनिया के कई देशों में यह टीकाकरण नियमित सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों का हिस्सा है।

हर पात्र बालिका तक सुरक्षा कवच पहुंचाने का लक्ष्य

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल निर्धारित लक्ष्य हासिल करना नहीं, बल्कि प्रदेश की प्रत्येक पात्र बालिका तक सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षा कवच पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से टीकाकरण के साथ-साथ जनजागरूकता गतिविधियां भी लगातार संचालित की जा रही हैं।

आने वाले दिनों में शेष पात्र बालिकाओं को भी टीके का लाभ दिलाने के लिए अभियान को और तेज किया जाएगा। कोरिया और बलरामपुर की 100 प्रतिशत उपलब्धि तथा प्रदेश के अन्य जिलों में बढ़ती टीकाकरण की रफ्तार इस अभियान के प्रति लोगों में बढ़ते विश्वास और जागरूकता को दर्शाती है।

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!