header ads
अपराधअबूझमाड़छत्तीसगढ़नारायणपुर

CG: पुरानी रंजिश में टंगिया से जानलेवा हमला, फरार आरोपी गिरफ्तार

जानलेवा हमले का आरोपी पहुंचा जेल

दंडकारण्य दर्पण

 

हत्या के प्रयास का फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया

 

पुरानी रंजिश में टंगिया से किया था हमला, पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हथियार किया बरामद

 

नारायणपुर। थाना कुकड़ाझोर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टंगिया भी बरामद की है।

 

पुलिस के अनुसार थाना कुकड़ाझोर में अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 115(2) और 333 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।

मामला 2 अगस्त 2026 की शाम का है। गांव में आयोजित एक बैठक के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी राजकुमार कावड़े ने प्रार्थी के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके कुछ समय बाद आरोपी प्रार्थी के घर पहुंचा और टंगिया से उसके सिर पर वार कर दिया। हमले में प्रार्थी गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को तत्काल जिला चिकित्सालय नारायणपुर ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद कुकड़ाझोर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

 

पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राजकुमार कावड़े को गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार आरोपी राजकुमार कावड़े पिता स्वर्गीय बृजलाल कावड़े उम्र 25 वर्ष निवासी नागेलपारा थाना कुकड़ाझोर जिला नारायणपुर का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टंगिया बरामद कर ली।

 

पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद 6 अगस्त 2026 को आरोपी को न्यायालय नारायणपुर में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।

 

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय सबद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अजय सिंह के मार्गदर्शन में कुकड़ाझोर पुलिस ने कार्रवाई की।

 

नारायणपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद और मतभेद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। विवाद की स्थिति में हिंसा का सहारा लेने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करें।

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!