
डायल-112 की तत्परता से बची दो घायलों की जान, सड़क हादसों में समय पर पहुंची नारायणपुर पुलिस
नारायणपुर, 25 जुलाई। छत्तीसगढ़ पुलिस की नेक्स्ट जेन CG Dial-112 सेवा ने शनिवार को नारायणपुर जिले में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों तक समय पर पहुंचकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के चलते दोनों घायलों का समय पर उपचार शुरू हो सका।
पहली घटना दोपहर करीब 2 बजे थाना भरंडा क्षेत्र के ग्राम खोड़गांव मुख्य मार्ग की है। डायल-112 को सूचना मिली कि एक व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल होकर सड़क किनारे पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक सहायता देने के बाद जिला अस्पताल नारायणपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। इस कार्रवाई में डीएसएफ आरक्षक महेंद्र नाग और वाहन चालक दिनेश पटेल की अहम भूमिका रही।
इसी दिन शाम करीब 5 बजे दूसरी घटना सिंगोड़ीतराई-गुदरीपारा मार्ग पर थाना कोतवाली क्षेत्र के पास हुई, जहां एक युवक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हुए शासकीय वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में भर्ती कर उसका इलाज शुरू कराया गया।
दूसरी घटना में आरक्षक ज्ञानदास खांडे, डीसीएफ आरक्षक अर्जुन सलाम और वाहन चालक दिनेश पटेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नारायणपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना या किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल नेक्स्ट जेन CG Dial-112 पर दें। समय पर दी गई सूचना किसी घायल व्यक्ति की जान बचाने और उसे शीघ्र उपचार दिलाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।




