
मर्दापाल क्षेत्र को मिली 8.63 करोड़ की विकास सौगात, सड़क और पुल निर्माण कार्यों का वन मंत्री केदार कश्यप ने किया भूमिपूजन
हर गांव तक बेहतर सड़क, हर क्षेत्र तक विकास की रफ्तार: मंत्री केदार कश्यप
*ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग होगी पूरी, मर्दापाल क्षेत्र में सड़क और पुल निर्माण कार्यों की शुरुआत*
कोंडागांव । मर्दापाल क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में आधारभूत अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में साय सरकार में बेहतर कार्य हो रहा है। छत्तीसगढ़ शासन के वनमंत्री तथा नारायणपुर विधायक केदार कश्यप ने आज लगभग 8 करोड़ 63 लाख 78 हजार रुपये की लागत से विभिन्न सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।
भूमिपूजन के अंतर्गत खोड़सानार से नवागांव तक 2.30 किलोमीटर डामरीकरण सड़क निर्माण, ग्राम बांसगांव से जोगियालवाड़ मार्ग पर फोटकी नाला में मध्यम पुल का निर्माण, मर्दापाल-बयानार मार्ग पर नवागांव से एहरा तक पुलिया एवं एप्रोच निर्माण, आदनार क्षेत्र में तीन स्थानों पर पुलिया निर्माण, तथा तोड़म मेन रोड से मुंडापारा तक 2.65 किलोमीटर सड़क निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन सभी परियोजनाओं के पूर्ण होने से बरसात के दिनों में आवागमन की समस्याओं का स्थायी समाधान होगा और क्षेत्र के कई गांवों की कनेक्टिविटी पहले से अधिक सुदृढ़ होगी।
इस अवसर पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार का लक्ष्य विकास को केवल शहरों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि अंतिम छोर पर बसे गांवों तक गुणवत्तापूर्ण सड़क, पुल और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में वर्षों से अधूरी पड़ी विकास संबंधी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क संपर्क किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला होता है। जब गांव बेहतर सड़कों से जुड़ते हैं तो किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होती है, विद्यार्थियों को शिक्षा, मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं और आम नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलती है। यही सुशासन और समावेशी विकास का वास्तविक स्वरूप है।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर का विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को निरंतर स्वीकृति दी जाती रहेगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने के बाद मर्दापाल क्षेत्र की विकास यात्रा को नई गति मिलेगी और क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। सरकार जनविश्वास के साथ विकास की इस गति को निरंतर बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।




