
दण्डकारण्य दर्पण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नारायणपुर जिले में तीन दिवसीय विशेष प्रदर्शनी का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम एवं नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल द्वारा किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है।
प्रदर्शनी में पिछले 12 वर्षों के दौरान केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों और योजनाओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। यहां वित्तीय समावेशन, आवास, स्वच्छता, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया, आधारभूत संरचना विकास और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
प्रदर्शनी के माध्यम से प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने, प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत देशभर में निर्मित शौचालयों की उपलब्धियों को दर्शाया गया है। इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के जरिए महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने संबंधी जानकारी भी प्रदर्शित की गई है।
डिजिटल इंडिया अभियान के अंतर्गत डिजिटल सेवाओं के विस्तार, ऑनलाइन भुगतान प्रणाली, ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी और सरकारी सेवाओं के डिजिटलीकरण को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। वहीं सड़कों, रेलवे, हवाई अड्डों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास से देश में आए बदलावों को चित्रों और जानकारी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने के लिए जिले के नागरिक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य लोगों को सरकार की जनहितकारी योजनाओं से अवगत कराना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना है।
तीन दिवसीय प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं, जहां योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और उनका लाभ उठाने की अपील की है।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, नगर पालिका के पार्षद, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





