
नवा रायपुर जंगल सफारी और नंदनवन जू घूमना हुआ महंगा, टिकट दरों में बड़ा इजाफा
वन विभाग की नई रेट पॉलिसी लागू, कई श्रेणियों में शुल्क 50 प्रतिशत तक बढ़ा, कुछ टिकटों की कीमत हुई दोगुनी
रायपुर।
नवा रायपुर स्थित नंदनवन जू और जंगल सफारी घूमने की योजना बना रहे पर्यटकों को अब पहले की तुलना में अधिक खर्च करना पड़ेगा। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने जू एंट्री, सफारी राइड और अन्य सुविधाओं के टिकट शुल्क में व्यापक संशोधन करते हुए नई दरें लागू कर दी हैं।
नई रेट पॉलिसी के तहत विभिन्न श्रेणियों के टिकटों में औसतन 50 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है, जबकि कुछ श्रेणियों में शुल्क दोगुने से भी अधिक बढ़ा है। विभाग का कहना है कि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और संचालन व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
नई दरों के अनुसार जंगल सफारी में नॉन एसी बस से भ्रमण करने वाले पर्यटकों को अब 150 रुपये का टिकट लेना होगा। एसी बस के लिए 200 रुपये और इलेक्ट्रिक बस से सफारी का आनंद लेने के लिए 250 रुपये का टिकट शुल्क निर्धारित किया गया है।
वहीं नंदनवन जू की प्रवेश दरों में भी उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। पहले 6 से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए जू एंट्री टिकट 25 रुपये था, जिसे बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया गया है। इसी तरह 12 वर्ष से अधिक आयु के पर्यटकों के लिए प्रवेश शुल्क 50 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये कर दिया गया है।
टिकट दरों में बढ़ोतरी के बाद पर्यटकों की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ेगा। हालांकि विभाग का मानना है कि बढ़ी हुई आय से जू और जंगल सफारी में सुविधाओं का विस्तार, वन्यजीव संरक्षण और पर्यटक सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सकेगा।
नई दरें लागू होने के बाद अब नवा रायपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में घूमने आने वाले लोगों को अपनी यात्रा की योजना बनाते समय अतिरिक्त बजट का ध्यान रखना होगा।




