
कोयलीबेड़ा क्षेत्र में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई
सीमावर्ती जंगलों से भारी मात्रा में नक्सली सामग्री और आईईडी बरामद
कांकेर जिले के सीमावर्ती जंगल क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। कोयलीबेड़ा पुलिस, डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने डोमांज, आमाकोल और गट्टाकाल के जंगल-पहाड़ी इलाकों में सर्चिंग अभियान चलाकर भारी मात्रा में नक्सली सामग्री और विस्फोटक बरामद किए हैं।
अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने 02 प्रेशर कुकर आईईडी, 02 पाइप आईईडी, 05 पेट्रोल बम, 50 बीजीएल सेल, बिजली वायर, कॉर्डेक्स वायर सहित अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री जब्त की। सर्चिंग के दौरान बरामद एक प्रेशर कुकर आईईडी को सुरक्षा बलों की बम निरोधक टीम ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया।
जानकारी के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सलियों की गतिविधियों और उनके द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की मंशा को देखते हुए लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई, जिसमें नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए विस्फोटक और अन्य सामग्री को बरामद कर बड़ी साजिश को विफल किया गया।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि लगातार चल रहे अभियान से नक्सलियों की विध्वंसक गतिविधियों पर प्रभावी चोट पहुंच रही है। जंगलों में सुरक्षाबलों की बढ़ती सक्रियता से नक्सली संगठन दबाव में दिखाई दे रहे हैं। क्षेत्र में आगे भी सर्चिंग अभियान जारी रहेगा।




