
अबूझमाड़ में शिफ्टर पलटने से जवान घायल
भारी बारिश के बीच राहत अभियान तेज, गंभीर जवानों को हेलीकॉप्टर से रेफर करने की तैयारी
नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में डीमाइनिंग ऑपरेशन के दौरान एक सड़क हादसे में सुरक्षा बल के कई जवान घायल हो गए। घटना कुतुल-कोडनार मार्ग की बताई जा रही है, जहां खराब पोकलैंड मशीन को लेकर जा रहा एक शिफ्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के समय वाहन में आईटीबीपी और सुरक्षा बल के कुछ जवान भी सवार थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोड़नार से कुतुल की ओर खराब पोकलैंड मशीन को लाया जा रहा था। इसी दौरान दुर्गम और फिसलन भरे रास्ते में अचानक शिफ्टर पलट गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हादसे में कई जवानों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण राहत और बचाव कार्य में भी काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा बल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल जवानों को प्राथमिक उपचार देकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर के माध्यम से रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
अबूझमाड़ का यह इलाका अत्यंत संवेदनशील और दुर्गम माना जाता है, जहां सड़क निर्माण और डीमाइनिंग ऑपरेशन लगातार जारी हैं। खराब मौसम और कठिन पहाड़ी रास्तों के कारण सुरक्षा बलों को अक्सर जोखिम भरी परिस्थितियों में काम करना पड़ता है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की निगरानी की जा रही है और घायल जवानों के बेहतर उपचार की व्यवस्था की जा रही है।




