
दंडकारण्य दर्पण
इनोवेशन महाकुंभ 1.0: बस्तर को इनोवेशन हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर, 5 मई 2026।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जगदलपुर स्थित शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित “इनोवेशन महाकुंभ 1.0” के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बस्तर क्षेत्र में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल सही मंच, मार्गदर्शन और अवसर की है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को नवाचार और उद्यमिता के लिए एक सशक्त प्लेटफॉर्म मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने बस्तर के समग्र विकास के लिए तैयार रोडमैप का उल्लेख करते हुए बताया कि इसमें रोजगार, शिक्षा, स्टार्टअप और अधोसंरचना पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने “नियद नेल्ला नार योजना” के विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि इसे “नियद नेल्ला नार 2.0” के रूप में 10 जिलों में लागू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को इनोवेशन हब बनाने के उद्देश्य से “नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30” लागू की गई है। इस नीति के तहत युवाओं को आइडिया से लेकर व्यवसाय विस्तार तक हर स्तर पर सहायता दी जा रही है, जिससे प्रदेश में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने विकसित भारत 2047 के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि इसमें युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का मार्ग विकसित बस्तर से होकर गुजरता है। बस्तर में आदिवासी कला, लघु वनोपज, जैविक कृषि, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें तकनीक, ब्रांडिंग और ई-कॉमर्स से जोड़कर नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर में पर्यटन के विस्तार से होमस्टे, स्थानीय गाइड, हस्तशिल्प और वनोपज की मांग बढ़ेगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बस्तर का युवा उद्यमिता के माध्यम से विकसित बस्तर, विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
कार्यक्रम में नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन राशि, प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
वन मंत्री केदार कश्यप ने युवाओं से उद्यमिता और स्वरोजगार अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे वे अपने परिवार और समाज को आर्थिक रूप से सशक्त बना सकते हैं।
उच्च शिक्षा मंत्री वर्मा ने कहा कि इस महाकुंभ ने युवाओं को अपने नवाचार को आगे बढ़ाने का मंच दिया है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर रोजगार देने वाले बनें और अन्य लोगों के लिए प्रेरणा बनें।
कार्यक्रम में सांसद बस्तर महेश कश्यप और विधायक जगदलपुर किरण देव ने भी युवाओं से नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मनोज श्रीवास्तव ने आयोजन के उद्देश्य और विश्वविद्यालय की गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विधायक चित्रकोट विनायक गोयल, छत्तीसगढ़ ब्रेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




