
दंडकारण्य दर्पण
“जल जीवन मिशन फेल? नल कनेक्शन होने के बावजूद बूंद-बूंद को तरसे ग्रामीण”
नारायणपुर।
जिले के ग्राम पंचायत फरसगांव के अंतर्गत ग्राम बेडमाकोट के ग्रामीण इन दिनों पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। जल जीवन मिशन के तहत हर घर में नल कनेक्शन तो लगाए गए हैं, लेकिन इन कनेक्शनों में नियमित पानी की आपूर्ति नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर अपनी समस्या से अवगत कराया है। शिकायत में बताया गया है कि सरकार की महत्वपूर्ण योजना के तहत नल कनेक्शन लगाए गए, लेकिन इसके बावजूद लोगों को पीने के पानी, खाना बनाने और अन्य दैनिक कार्यों के लिए दूर-दराज के जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह समस्या संबंधित ठेकेदार की लापरवाही और कार्य की खराब गुणवत्ता के कारण उत्पन्न हुई है। पाइपलाइन व्यवस्था ठीक ढंग से नहीं की गई, जिसके चलते पानी का प्रवाह बाधित हो रहा है और योजना का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
इस समस्या से गांव के दैनिक जीवन पर गहरा असर पड़ रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की शीघ्र जांच कर दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आगे और कड़ा कदम उठाने को मजबूर होंगे।




