header ads
अपराधछत्तीसगढ़नारायणपुर

CG News: नारायणपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 30 लाख से अधिक के बैंक गबन का खुलासा, महिला हत्या प्रकरण में आरोपी गिरफ्तार

नारायणपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 30 लाख से अधिक के बैंक गबन का खुलासा, महिला हत्या प्रकरण में आरोपी गिरफ्तार

 

नारायणपुर, 19 अप्रैल 2026। जिले में नारायणपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक ओर जहां पंजाब नेशनल बैंक में हुए लाखों रुपये के गबन का खुलासा किया है, वहीं दूसरी ओर महिला हत्या प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।

पहले मामले में पंजाब नेशनल बैंक, नारायणपुर शाखा में खातों की जांच के दौरान कुछ खातों में अनियमितता और संदिग्ध लेन-देन सामने आए। बैंक प्रबंधन द्वारा थाना नारायणपुर में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में यह सामने आया कि खाताधारकों के दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर फर्जी तरीके से खातों से रकम निकालकर अन्य खातों में स्थानांतरित की गई। इस पूरे मामले में लगभग 30 लाख 67 हजार 500 रुपये का गबन किया गया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी तिलक राम मंडावी (38 वर्ष), निवासी पलटपारा गढ़बेंगल को 18 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

 

दूसरा मामला महिला हत्या से जुड़ा है। 5 फरवरी 2026 को जिला अस्पताल नारायणपुर से सूचना मिली थी कि गढ़बेंगल गांव की एक महिला गंभीर अवस्था में भर्ती कराई गई है, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत हत्या होना पाया गया। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि 13 जनवरी 2026 को महिला को उसके पति द्वारा गंभीर चोट पहुंचाई गई थी, जिसके कारण उसकी जान चली गई।

 

पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति तिलक राम मंडावी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त सामग्री भी जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

 

पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया ने कहा कि नारायणपुर पुलिस अपराधों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रही है। आर्थिक अपराध हो या जघन्य अपराध, हर मामले में त्वरित, निष्पक्ष और साक्ष्य आधारित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

 

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बैंकिंग लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतें, ओटीपी और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!