header ads
अधिकारछत्तीसगढ़नारायणपुररायपुरराष्ट्रीयरोजगार

CG News: सफलता की कहानी ,सीएम हेल्पलाइन से मिली राहत: 24 घंटे के भीतर हटा कीचड़, ग्रामीणों की राह हुई आसान

 

नारायणपुर, 20 जुलाई 2026// सुशासन का वास्तविक उद्देश्य तभी सार्थक होता है, जब आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो। नारायणपुर जिले में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण ग्राम पंचायत बिंजली में देखने को मिला, जहां एक शिकायत का समाधान 24 घंटे के भीतर कर ग्रामीणों को बड़ी राहत प्रदान की गई। ग्राम पंचायत बिंजली में नलकूप की खुदाई के बाद मार्ग पर बड़ी मात्रा में कीचड़ जमा हो गया था। इससे ग्रामीणों को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बारिश के मौसम में मार्ग फिसलनयुक्त हो गया था, जिससे दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी हुई थी। ग्रामीणों द्वारा स्थानीय स्तर पर समस्या के समाधान के प्रयास किए गए, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से परेशानी लगातार बनी रही।

इसी बीच ग्राम बिंजली के निवासी जितेश सहारे ने अपनी समस्या के समाधान के लिए सीएम हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जनपद पंचायत नारायणपुर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले को गंभीरता से लिया। शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर मार्ग से कीचड़ की पूरी तरह सफाई कर दी गई, जिससे आवागमन पुनः सुगम और सुरक्षित हो गया। मार्ग की सफाई होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। अब बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं तथा अन्य राहगीरों को बिना किसी परेशानी के आने-जाने की सुविधा मिल रही है। ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों का कहना है कि सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। एक फोन कॉल के माध्यम से शिकायत दर्ज होती है और प्रशासन समयबद्ध तरीके से उसका निराकरण सुनिश्चित कर रहा है। यह व्यवस्था शासन की जवाबदेही, पारदर्शिता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बनकर ग्रामीणों का विश्वास मजबूत कर रही है। ग्राम बिंजली की यह घटना इस बात का प्रमाण है कि संवेदनशील प्रशासन, त्वरित कार्रवाई और प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था के माध्यम से आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। सीएम हेल्पलाइन आज वास्तव में नागरिकों और प्रशासन के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनकर सुशासन की अवधारणा को साकार कर रही है।

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!