नारायणपुर, 19 अक्टूबर 2026। अबूझमाड़ के सुदूर वनांचल में रहने वाले बच्चों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर सफलता की नई मिसाल पेश की है। नारायणपुर जिले के विकासखंड ओरछा स्थित बालक आश्रम तोके के तीन विद्यार्थियों का चयन मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उड़ान योजना के तहत जेपी इंटरनेशनल स्कूल, कांकेर में हुआ है। इस योजना के माध्यम से तीनों विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उनकी पढ़ाई का पूरा खर्च छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वहन किया जाएगा।

चयनित विद्यार्थियों में ग्राम छोटेटोंडाबेड़ा के आलोक कुमेटी, ग्राम कानागांव के विराट सलाम और ग्राम तोके के गोदू राम ध्रुव शामिल हैं। तीनों वर्तमान में कक्षा पांचवीं में अध्ययनरत हैं और अबूझमाड़िया विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह से आते हैं। दूरस्थ वनांचल के इन विद्यार्थियों की उपलब्धि से आश्रम सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
जिले के चार विद्यार्थियों का चयन, तीन बालक आश्रम तोके से
आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उड़ान योजना, जिसका पूर्व नाम पंडित जवाहरलाल नेहरू उत्कर्ष योजना था, के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी।
इस चयन परीक्षा में जिलेभर के पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नारायणपुर जिले से कुल चार विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जिनमें तीन विद्यार्थी बालक आश्रम तोके के हैं। यह उपलब्धि आश्रम में बच्चों को मिल रहे मार्गदर्शन और उनके शैक्षणिक प्रयासों को दर्शाती है।
कक्षा 12वीं तक निःशुल्क पढ़ाई का मिलेगा अवसर
मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उड़ान योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों की शिक्षा का खर्च शासन द्वारा वहन किया जाएगा। इससे आर्थिक और भौगोलिक चुनौतियों के बीच पढ़ाई कर रहे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरे छत्तीसगढ़ से इस योजना के तहत कुल 64 विद्यार्थियों का चयन उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थानों में किया गया है। अबूझमाड़ के तीन विद्यार्थियों का इस सूची में शामिल होना जिले के लिए गौरव की बात है।
बालक आश्रम तोके के 69 से अधिक विद्यार्थी प्रतिष्ठित संस्थानों में पा चुके हैं प्रवेश
बालक आश्रम तोके के अधीक्षक बुधराम कुमेटी ने बताया कि आश्रम में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों में आश्रम के 69 से अधिक विद्यार्थियों को प्रवेश परीक्षाओं के माध्यम से जवाहर नवोदय विद्यालय, प्रयास आवासीय विद्यालय, गुरुकुल पब्लिक स्कूल, संस्कार सिटी इंटरनेशनल, एकलव्य आवासीय विद्यालय और जेपी इंटरनेशनल सहित विभिन्न प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश दिलाने में सफलता मिली है।
अधीक्षक ने कहा कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें सही मार्गदर्शन, नियमित अध्ययन और प्रोत्साहन मिले, तो वे भी बड़े शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश हासिल कर सकते हैं और अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
विद्यार्थियों की सफलता पर शिक्षकों ने दी बधाई
अपनी उपलब्धि पर तीनों विद्यार्थियों ने कलेक्टर नम्रता जैन, सहायक आयुक्त तनुजा नाग, आश्रम अधीक्षक बुधराम कुमेटी, मंडल संयोजक वासुदेव भारद्वाज, अजय तिवारी तथा आश्रम के समस्त शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विद्यार्थियों की इस सफलता पर आश्रम अधीक्षक, प्रधान पाठक और समस्त शिक्षक-कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अबूझमाड़ के इन विद्यार्थियों की सफलता यह संदेश देती है कि अवसर और उचित मार्गदर्शन मिलने पर सुदूर वनांचल के बच्चे भी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं।
दंडकारण्य दर्पण – सच के साथ, समाज के साथ।



