
जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता: केदार कश्यप
राम नवमी पर नारायणपुर में मंदिरों में उमड़ी भीड़, मंत्री ने किए दर्शन और पूजा-अर्चना
नारायणपुर जिले में राम नवमी के अवसर पर धार्मिक उत्साह के बीच राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक केदार कश्यप ने आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मंत्री कश्यप सर्किट हाउस में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों से मिले, जहां विभिन्न गांवों और वार्डों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद राम नवमी के अवसर पर कश्यप ने शहर के श्री राम मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और माहौल भक्तिमय बना रहा।
मंत्री ने शीतला मंदिर में भी दर्शन किए। इस दौरान वे पारंपरिक ढोल और तोड़ी बाजा बजाते हुए नजर आए, जिससे कार्यक्रम में मौजूद लोगों में उत्साह बढ़ा और वातावरण धार्मिक रंग में रंग गया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। मंत्री ने सभी को राम नवमी की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र के विकास और खुशहाली की कामना की।




