
रामनवमी पर पेट्रोल-डीजल में कटौती, मंत्री केदार कश्यप ने जताया आभार
जगदलपुर: रामनवमी के अवसर पर केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती की घोषणा की है। इस फैसले पर छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है।
केदार कश्यप ने कहा कि यह निर्णय आम लोगों को सीधे तौर पर राहत देने वाला है और महंगाई से जूझ रहे परिवारों के लिए सहायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने पेट्रोल पर 10 रुपये की कटौती की है, जिससे एक्साइज ड्यूटी घटकर 3 रुपये रह गई है, जबकि डीजल पर एक्साइज ड्यूटी पूरी तरह समाप्त कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि इस कदम से परिवहन लागत कम होने की संभावना है, जिससे आवश्यक वस्तुओं के दामों पर भी असर पड़ सकता है। कश्यप के अनुसार, इस फैसले से किसानों, व्यापारियों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी लाभ मिलेगा।
मंत्री ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच इस तरह का फैसला सरकार की जनहित प्राथमिकता को दर्शाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार ऐसे निर्णय ले रही है, जिनका उद्देश्य आम लोगों को राहत पहुंचाना है।
केदार कश्यप ने उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह के फैसले लिए जाते रहेंगे, जिससे आम नागरिकों को राहत मिलती रहेगी।




