दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन पर दो और FIR, कोल माइंस में काम दिलाने के नाम पर 56 लाख की धोखाधड़ी का आरोप
सिक्योरिटी गार्ड उपलब्ध कराने और कोल ट्रांसपोर्टिंग का काम दिलाने का दिया था झांसा, यश बैंक के चेक बाउंस होने पर सामने आया मामला; पहले से छह मामलों में दर्ज हो चुकी हैं FIR
रायपुर। छत्तीसगढ़ में दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। कोल माइंस में सिक्योरिटी गार्ड उपलब्ध कराने और कोल ट्रांसपोर्टिंग का काम दिलाने के नाम पर 56 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में उसके खिलाफ दो और एफआईआर दर्ज की गई हैं। दोनों शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि बड़े अधिकारियों और मंत्रियों से करीबी संबंध होने का दावा कर पीड़ितों को भरोसे में लिया गया और लाखों रुपये नकद वसूल किए गए। काम नहीं मिलने पर रकम वापसी के लिए यश बैंक के चेक दिए गए, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण भुगतान नहीं हो सका।

पुलिस के मुताबिक, दोनों मामले रूद्रा सिक्योरिटी ग्रुप से जुड़े संचालक श्याम सिंह ठाकुर और मैनेजर विकास कुमार नागले की शिकायत पर तेलीबांधा थाना में दर्ज किए गए हैं। दोनों शिकायतों में कुल 56 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है।
सिक्योरिटी गार्ड और कोल ट्रांसपोर्टिंग का काम दिलाने का दिया भरोसा
पहले मामले में रूद्रा सिक्योरिटी ग्रुप के संचालक श्याम सिंह ठाकुर ने शिकायत दर्ज कराई है। उनके अनुसार वर्ष 2022 में होटल वेलकम श्री में सिक्योरिटी गार्ड उपलब्ध कराने के सिलसिले में उनकी मुलाकात दीपक टंडन से हुई थी। बातचीत के दौरान दीपक ने कोरबा की कोल माइंस में सिक्योरिटी गार्ड उपलब्ध कराने और कोल ट्रांसपोर्टिंग का काम दिलाने का प्रस्ताव दिया।
आरोप है कि दीपक ने बड़े मंत्रियों और अधिकारियों से अपनी नजदीकी होने की बात कहकर श्याम सिंह को विश्वास में लिया। इसके बाद जून 2022 में होटल वेलकम श्री में मैनेजर विकास कुमार नागले की मौजूदगी में उसे 31 लाख रुपये नकद दिए गए।
31 लाख का चेक देने के बाद भी नहीं लौटी रकम
शिकायत के अनुसार, कई महीने गुजरने के बाद भी श्याम सिंह ठाकुर को न तो कोल माइंस में काम मिला और न ही उनकी रकम वापस की गई। जब उन्होंने पैसे लौटाने का दबाव बनाया तो दीपक ने 3 अगस्त 2022 को 31 लाख रुपये का यश बैंक का चेक दिया।
श्याम सिंह ने जब चेक बैंक में जमा किया तो खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण भुगतान नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की।
मैनेजर विकास नागले से भी 25 लाख रुपये लेने का आरोप
दूसरा मामला रूद्रा सिक्योरिटी ग्रुप के मैनेजर विकास कुमार नागले की शिकायत पर दर्ज किया गया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि मई 2022 में श्याम सिंह ठाकुर के माध्यम से उनकी मुलाकात दीपक टंडन से हुई थी।
आरोप है कि दीपक ने उन्हें भी कोल माइंस में सिक्योरिटी गार्ड उपलब्ध कराने और कोल ट्रांसपोर्टिंग का काम दिलाने का भरोसा दिया। इसके लिए उसने शासन के बड़े अधिकारियों से पहचान होने की बात कही।
शिकायत के मुताबिक, जुलाई 2022 में होटल वेलकम श्री के पास श्याम सिंह ठाकुर की मौजूदगी में विकास नागले से 25 लाख रुपये नकद लिए गए। रकम की सुरक्षा के नाम पर यश बैंक का चेक भी दिया गया और कहा गया कि यदि काम मिलने में देरी हुई तो चेक के माध्यम से रकम वापस ले सकते हैं।
हालांकि, लंबे समय तक न काम मिला और न ही रकम वापस की गई। जब विकास नागले ने बैंक में चेक जमा किया तो खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण भुगतान नहीं हो सका।
तेलीबांधा थाने में दो अलग-अलग FIR दर्ज
दोनों शिकायतों के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। दोनों शिकायतों में कुल 56 लाख रुपये की कथित आर्थिक धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है।
पहले भी छह मामलों में दर्ज हो चुकी हैं FIR
दीपक टंडन के खिलाफ इससे पहले भी छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में छह मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इनमें मीडिया से जुड़े विवाद, जमीन और रेस्टोरेंट के सौदे, वाहन बिक्री, कोयला टेंडर और कारोबारी लेनदेन से संबंधित शिकायतें शामिल हैं।
पहला मामला – बिलासपुर: 29 अक्टूबर 2026 को दर्ज एफआईआर क्रमांक 798/2026 में आरोप है कि एआई की मदद से शिकायतकर्ता की तस्वीर में बदलाव कर उसे तांत्रिक वेशभूषा में दिखाया गया और उसके खिलाफ आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित की गईं।
दूसरा मामला – रायपुर: आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर सरकारी सील तोड़ने, होटल परिसर में प्रवेश करने और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया।
तीसरा मामला – रायपुर: लगभग 16,500 वर्गफीट जमीन और वीआईपी रोड स्थित एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट का सौदा 1.16 करोड़ रुपये में कराने के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया। शिकायत में 36,00,016.70 रुपये के भुगतान का उल्लेख है।
चौथा मामला – रायपुर: वर्ष 2023 मॉडल की टोयोटा फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये लेने का आरोप है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, न तो वाहन दिया गया और न ही रकम वापस की गई।
पांचवां मामला – सक्ती: कारोबारी किशन शर्मा ने सरकारी कोयला टेंडर दिलाने का झांसा देकर 15 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है।
छठवां मामला – कोरबा (दीपका): अंकित सिंह की शिकायत पर 27.90 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार, रकम लौटाने के लिए दिया गया पांच लाख रुपये का चेक बैंक में होल्ड हो गया था। पैसे मांगने पर गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
लगातार बढ़ती शिकायतों से बढ़ी मुश्किलें
कोल माइंस में काम दिलाने के नाम पर सामने आए दो नए मामले दीपक टंडन के खिलाफ दर्ज शिकायतों की कड़ी में एक और घटनाक्रम हैं। अलग-अलग जिलों में दर्ज मामलों में कारोबारी लेनदेन, कथित धोखाधड़ी, धमकी और अन्य आरोप शामिल हैं। अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होना महत्वपूर्ण होगा कि शिकायतों में लगाए गए आरोपों के पीछे वास्तविक घटनाक्रम क्या है और संबंधित लेनदेन में किन लोगों की भूमिका रही है।
दण्डकारण्य दर्पण सच के साथ, समाज के साथ।



