header ads
अपराधछत्तीसगढ़

धमतरी होटल आत्महत्या मामला: शादी से मुकरा प्रेमी, मारपीट और प्रताड़ना के आरोप में गिरफ्तार

होटल के कमरे में 22 वर्षीय पिंकी मानिकपुरी ने लगाई थी फांसी, धारा 108 BNS के तहत आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। धमतरी में होटल के कमरे में 22 वर्षीय युवती की आत्महत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने उसके कथित प्रेमी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवती को विवाह का प्रलोभन देकर संबंध में रखने, शादी से इनकार करने और गाली-गलौज व मारपीट कर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका पिंकी मानिकपुरी (22) कबीरधाम जिले के कवर्धा स्थित राजमहल चौक, समनापुर रोड की निवासी थी। वह 24 सितंबर 2026 को धमतरी आई थी और शहर के होटल सीजी-05 के कमरा नंबर 106 में रुकी थी। जांच में सामने आया कि युवती को टिकेश्वर के अन्य लड़कियों से संबंध होने की जानकारी मिली थी। इसी संबंध में स्पष्टता हासिल करने के लिए वह धमतरी आई थी।

शादी की बात पर विवाद, मारपीट और प्रताड़ना का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर की शाम टिकेश्वर युवती से मिलने होटल पहुंचा। आरोप है कि विवाह को लेकर बातचीत के दौरान उसने शादी करने से इनकार कर दिया। इस दौरान युवती के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा पहले भी युवती को इसी तरह प्रताड़ित किए जाने की बात सामने आई है।

इस घटनाक्रम से व्यथित होकर पिंकी ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मर्ग जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 249/2026 दर्ज कर विवेचना आगे बढ़ाई।

साक्ष्य मिलने पर आरोपी गिरफ्तार

धमतरी पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, विवेचना में उसकी संलिप्तता से संबंधित साक्ष्य मिलने के बाद टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

धमतरी में युवती की आत्महत्या के मामले में गिरफ्तार टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू
धमतरी में युवती की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू, पिता रविराम साहू, उम्र 22 वर्ष, गोकुलपुर, वार्ड क्रमांक 36, थाना सिटी कोतवाली, जिला धमतरी का निवासी है।

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!