
भारी बारिश के बीच मंत्री केदार कश्यप ने संभाग के कलेक्टरों से लिया हालात का जायजा
बाढ़ और जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश, नदी नालों और संवेदनशील इलाकों की निगरानी बढ़ाने को कहा
जगदलपुर रायपुर, 25 सितंबर 2026। बस्तर संभाग में लगातार हो रही भारी बारिश और कई क्षेत्रों में जलभराव एवं बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने संभाग के सभी जिलों के कलेक्टरों से दूरभाष पर चर्चा कर मौजूदा हालात की जानकारी ली। उन्होंने बारिश से प्रभावित क्षेत्रों, नदी नालों के जलस्तर, आवागमन की स्थिति और प्रशासन की ओर से किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
मंत्री कश्यप ने अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि भारी बारिश के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जिन क्षेत्रों में जलभराव या बाढ़ जैसी स्थिति बन रही है, वहां प्रशासनिक अमला तत्काल सक्रिय होकर आवश्यक राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करे।
प्रभावित परिवारों तक समय पर पहुंचे राहत सामग्री
मंत्री ने निर्देश दिए कि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जाए। राहत शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, आवश्यक दवाइयां और प्राथमिक उपचार सहित जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अमले को भी संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रखने और पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा।
नदी नालों और संवेदनशील मार्गों पर बढ़ाई जाए निगरानी
केदार कश्यप ने सभी कलेक्टरों को जिले के निचले और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। नदी नालों के बढ़ते जलस्तर पर विशेष नजर रखने तथा पुल पुलिया और रपटों के ऊपर पानी बहने की स्थिति में लोगों को आवागमन से रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने कहा।
उन्होंने जरूरत के अनुसार पुलिस और प्रशासन की टीमों की तैनाती, बैरिकेडिंग तथा अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।
दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक पहुंचे प्रशासन की मदद
मंत्री ने बस्तर के ग्रामीण, वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण यदि संपर्क मार्ग प्रभावित होते हैं तो वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी जाएं।
राहत और बचाव दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ अलर्ट रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनहानि रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भारी बारिश की परिस्थितियों में जनहानि को रोकना और प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता से वंचित नहीं रहना चाहिए। संसाधनों की आवश्यकता होने पर जिला स्तर पर तत्काल व्यवस्था की जाए और स्थिति की लगातार समीक्षा की जाए।
नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील
मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर संभाग के नागरिकों से भारी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से तेज बहाव वाले नदी नालों, पुल पुलियों और जलभराव वाले रास्तों को पार करने का प्रयास नहीं करने तथा अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने कहा है।
उन्होंने नागरिकों से स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की। राज्य सरकार और जिला प्रशासन प्रभावित नागरिकों तक सहायता पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।
दंडकारण्य दर्पण सच के साथ, समाज के साथ




