लगातार तेज बारिश से छोटेडोंगर में माड़ीन नदी उफान पर
रात-दिन बारिश का सिलसिला जारी, नदी-नाले उफान पर आने से आवागमन प्रभावित, दोनों छोर पर यात्री फंसे
संवाददाता बोधन नाग
नारायणपुर/छोटेडोंगर। छोटेडोंगर क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। रात-दिन बारिश का सिलसिला जारी रहने के कारण माड़ीन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है और नदी उफान पर आ गई है। पानी बढ़ने के कारण नदी के दोनों छोर पर यात्री फंस गए हैं, जिससे आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा
तेज बारिश के चलते छोटेडोंगर सहित आसपास के अंदरूनी क्षेत्रों में कई नदी-नाले भी उफान पर हैं। जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई स्थानों पर सड़क मार्ग से आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है।
ओरछा-नारायणपुर मार्ग पर भी असर
नदी-नालों में पानी बढ़ने का असर ओरछा-नारायणपुर मुख्य मार्ग पर भी देखने को मिल रहा है। लगातार बारिश के कारण सड़क मार्ग से यात्रा करने वाले ग्रामीणों और यात्रियों को परेशानी हो रही है। नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रुककर पानी कम होने का इंतजार करना पड़ रहा है।
उफनते नदी-नालों को पार करने से बचें

लगातार बारिश को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। उफनते नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं और प्रशासन की अनुमति तथा मार्ग सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद ही आवागमन करें। बारिश का सिलसिला जारी रहने पर नदी-नालों का जलस्तर और बढ़ सकता है।
दंडकारण्य दर्पण | सच के साथ, समाज के साथ



