
मां लिंगेश्वरी के दर्शन के लिए तीन दिन पहले से लगी एक किलोमीटर लंबी कतार
23 सितंबर को खुलेगा गुफा मंदिर का द्वार, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु
कोंडागांव। कोंडागांव जिले के फरसगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम आलोर झाटीबन की पहाड़ी गुफा में विराजमान मां लिंगेश्वरी के वार्षिक दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। वर्ष में केवल एक दिन खुलने वाले गुफा मंदिर का द्वार इस वर्ष 23 सितंबर, बुधवार को खुलेगा। हालांकि दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला तीन दिन पहले से ही शुरू हो गया है।
सोमवार शाम तक छत्तीसगढ़ के दुर्ग, बालोद, चारामा, कोंडागांव, बस्तर, केशकाल, सिहावा, रायपुर, कुरूद, कोयलीबेड़ा और भानपुरी सहित कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच चुके थे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, झारखंड, हरियाणा और मुंबई सहित देश के अन्य हिस्सों से भी श्रद्धालु मां लिंगेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचे हैं।
प्रवेश मार्ग से करीब एक किलोमीटर तक श्रद्धालुओं की कतार
मंदिर के प्रवेश मार्ग से करीब एक किलोमीटर तक श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी हुई है। दूरदराज से पहुंचे कई श्रद्धालु चटाई बिछाकर गुफा मंदिर का द्वार खुलने का इंतजार कर रहे हैं। दर्शन का समय नजदीक आने के साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि वे बुधवार सुबह गुफा का द्वार खुलते ही मां लिंगेश्वरी के दर्शन करना चाहते हैं। कई भक्त रात से ही कतार में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर समिति और जिला प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बुधवार सुबह पुजारियों द्वारा विधिवत पूजा अर्चना के बाद गुफा मंदिर का द्वार खोला जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य सेवा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की तैयारी भी की जा रही है।
संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर पहुंच रहे श्रद्धालु
मां लिंगेश्वरी के दर्शन के लिए दूसरे राज्यों से पहुंचे कई श्रद्धालु संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर भी यहां पहुंचे हैं। उत्तर प्रदेश के सीतापुर निवासी बालक राम राज अपनी पत्नी के साथ पहली बार मां लिंगेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचे हैं।
इसी तरह हरियाणा के हरपाल सिंह और मुंबई के श्रीकांत चौधरी भी अपनी पत्नियों के साथ यहां पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं ने बताया कि वे मां लिंगेश्वरी से संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर आए हैं। बुधवार को गुफा का द्वार खुलने के बाद मां के दर्शन कर अपनी मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना करेंगे।
वर्ष में केवल एक दिन गुफा मंदिर का द्वार खुलने के कारण मां लिंगेश्वरी के दर्शन के लिए हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। इस बार भी दर्शन से पहले ही करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लगना श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह को दर्शाता है।




