header ads
अधिकारछत्तीसगढ़रायपुरराष्ट्रीयशिक्षास्वास्थ्य

CG: कैंसर केयर को मजबूत करने के साथ स्वस्थ मानव संसाधन तैयार करना जरूरी: वित्त मंत्री ओपी चौधरी

विकसित भारत के लक्ष्य के लिए स्वस्थ युवा आबादी सबसे बड़ी ताकत, नवा रायपुर में देशभर से जुटे कैंसर विशेषज्ञ

 

 

कैंसर के उपचार के साथ जागरूकता, समय पर जांच और शुरुआती पहचान पर जोर

 

रायपुर, 20 सितंबर 2026। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से निपटने के लिए बेहतर उपचार सुविधाओं के साथ स्वस्थ मानव संसाधन तैयार करना भी जरूरी है। भारत की युवा आबादी देश की आर्थिक प्रगति की सबसे बड़ी ताकत है और इसे स्वस्थ रखना विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी रविवार को नवा रायपुर में बाल्को मेडिकल सेंटर, ईकैंसर तथा टाटा मेमोरियल सेंटर द्वारा आयोजित चतुर्थ वार्षिक बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव 2026 में शामिल हुए। रेस्टोरिंग बैलेंस टू कैंसर केयर की थीम पर आयोजित कॉन्क्लेव में उन्होंने कैंसर केयर, स्वास्थ्य सेवाओं की भविष्य की चुनौतियों और युवा आबादी को स्वस्थ बनाए रखने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।

 

स्वस्थ युवा आबादी विकसित भारत की बड़ी ताकत

 

वित्त मंत्री ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है। देश की औसत आयु करीब 29 वर्ष और छत्तीसगढ़ की औसत आयु करीब 24 वर्ष है। देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। यही युवा शक्ति भारत की आर्थिक विकास यात्रा की महत्वपूर्ण आधारशिला है।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश की युवा आबादी का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। आने वाले 10 से 20 वर्षों में देश की जनसांख्यिकी में बदलाव के साथ आबादी की औसत आयु भी बढ़ेगी। ऐसे में स्वास्थ्य क्षेत्र के सामने नई चुनौतियां सामने आएंगी।

 

समय रहते स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी

 

ओपी चौधरी ने कहा कि आर्थिक विकास के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का मजबूत होना भी जरूरी है। देश को यह सुनिश्चित करना होगा कि आर्थिक रूप से विकसित होने की प्रक्रिया के दौरान स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां विकास की गति को प्रभावित न करें।

 

उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार के साथ जागरूकता, समय पर जांच, शुरुआती पहचान और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता पर लगातार काम करने की आवश्यकता है। स्वास्थ्य क्षेत्र में विशेषज्ञ सेवाओं, शोध और नई तकनीकों को बढ़ावा देना आने वाले समय की महत्वपूर्ण जरूरत होगी।

 

छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा का हुआ विस्तार

 

वित्त मंत्री ने छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य गठन के शुरुआती वर्षों में प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था। करीब 25 से 26 वर्ष पहले राज्य पीएमटी में अच्छी रैंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों के लिए भी मेडिकल सीट प्राप्त करना कठिन होता था, क्योंकि प्रदेश में रायपुर का एक ही मेडिकल कॉलेज था।

 

उन्होंने कहा कि समय के साथ छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है। आने वाले दो वर्षों में प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 20 से अधिक होने की दिशा में राज्य आगे बढ़ रहा है।

 

देशभर से आए कैंसर विशेषज्ञों का नवा रायपुर में स्वागत

 

वित्त मंत्री ने बाल्को मेडिकल सेंटर और सर्जिकल रिसर्च फाउंडेशन की ओर से छत्तीसगढ़ तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की।

 

उन्होंने डॉ. यशवंत कश्यप, डॉ. दिवाकर पांडे, डॉ. आलोक कुमार स्वाइन और डॉ. अभिनव इंगले सहित आयोजन से जुड़े चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कैंसर विशेषज्ञों का नवा रायपुर में स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञान और अनुभव के आदान प्रदान के लिए महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराते हैं।

 

नवा रायपुर में स्वास्थ्य और शोध को मिल रहा महत्व

 

ओपी चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर छत्तीसगढ़ की ग्रीन कैपिटल सिटी के रूप में विकसित हो रहा है। नियोजित विकास, हरित क्षेत्र और आधुनिक सुविधाओं के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में भी नवा रायपुर की भूमिका महत्वपूर्ण है।

 

उन्होंने देशभर से आए चिकित्सकों से कॉन्क्लेव में भाग लेने के साथ नवा रायपुर को देखने और समझने का आग्रह किया।

 

मरीज केंद्रित कैंसर केयर पर हुआ विचार विमर्श

 

कॉन्क्लेव में देश के विभिन्न हिस्सों से आए चिकित्सक, कैंसर विशेषज्ञ और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान कैंसर केयर को अधिक प्रभावी, संतुलित और मरीज केंद्रित बनाने, आधुनिक उपचार पद्धतियों, विशेषज्ञ सेवाओं और चिकित्सा अनुसंधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार विमर्श किया गया।

 

 

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!