header ads
छत्तीसगढ़नई दिल्लीमध्य प्रदेशरायपुरराष्ट्रीय

CG: 11 साल बाद छत्तीसगढ़ को मिली राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी, राज्यपाल रमेन डेका ने किया स्थानीय निकाय निर्वाचन ईयर बुक का विमोचन

नवा रायपुर में 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का भव्य शुभारंभ

 

 

रायपुर, 16 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर अटल नगर में 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। करीब 11 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद छत्तीसगढ़ को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिला है। सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन राज्यपाल रमेन डेका ने दीप प्रज्वलित कर किया।

शुभारंभ समारोह के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने ‘Chhattisgarh Local Body Election Year Book–2026’ के प्रथम संस्करण का विमोचन किया। यह प्रकाशन छत्तीसगढ़ में स्थानीय निकाय निर्वाचन की प्रक्रिया, चुनावी व्यवस्थाओं, उपलब्धियों और किए गए नवाचारों का महत्वपूर्ण दस्तावेज है।

 

स्थानीय लोकतंत्र को मजबूत बनाने आधुनिक तकनीक के उपयोग पर जोर

 

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने स्थानीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सशक्त, पारदर्शी, समावेशी और तकनीक आधारित बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में स्थानीय स्वशासी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में निर्वाचन प्रक्रिया में निरंतर सुधार और आधुनिक तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल जरूरी है।

 

राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने देशभर से सम्मेलन में पहुंचे राज्य निर्वाचन आयुक्तों, वरिष्ठ अधिकारियों और निर्वाचन विशेषज्ञों का स्वागत करते हुए सम्मेलन के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने स्थानीय निकाय निर्वाचन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और आधुनिक बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।

 

प्रशासन और निर्वाचन संस्थाओं के बेहतर समन्वय पर मुख्य सचिव ने रखे विचार

 

छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव विकास शील ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने स्थानीय स्वशासन को मजबूत करने, निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशासन और निर्वाचन संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।

 

सम्मेलन के दौरान स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों से जुड़े समसामयिक विषयों पर व्यापक चर्चा की जा रही है। डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग, निर्वाचन प्रबंधन में नवाचार, पारदर्शिता तथा चुनावी प्रक्रिया को अधिक सुगम और प्रभावी बनाने के उपायों पर विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि अपने अनुभव साझा कर रहे हैं।

 

देशभर के निर्वाचन विशेषज्ञों और अधिकारियों की सहभागिता

 

कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह, आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी सहित आयोग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राज्य निर्वाचन आयुक्तों की स्थायी समिति के अध्यक्ष विजय देव ने भी अपने विचार रखे। स्थायी समिति के संयोजक सुधांशु पांडे ने अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

17 सितंबर को होगी स्थायी समिति की बैठक, प्रमुख स्थलों का होगा भ्रमण

 

दो दिवसीय सम्मेलन का अगला चरण 17 सितंबर को आयोजित होगा। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय, नवा रायपुर अटल नगर में स्थायी समिति की बैठक होगी। इसके बाद नया रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी की ओर से कैपिटल सिटी, नवा रायपुर के निर्माण और विकास को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा।

 

सम्मेलन में शामिल अतिथियों को नवा रायपुर के प्रमुख स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। इस दौरान छत्तीसगढ़ विधानसभा, छत्तीसगढ़ आदिवासी संग्रहालय और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का भ्रमण कार्यक्रम में शामिल है।

 

यह दो दिवसीय सम्मेलन देश में स्थानीय लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने, निर्वाचन व्यवस्था में आधुनिक तकनीक के समावेश तथा विभिन्न राज्यों की कार्यप्रणालियों और नवाचारों को साझा करने के लिए महत्वपूर्ण मंच के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!