header ads
कला और संस्कृतिछत्तीसगढ़धर्मसत्य की खोजस्वास्थ्य

CG: 117 वर्षों की आस्था के बीच गोल बाजार पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गणपति बप्पा की पूजा कर मांगा प्रदेश की खुशहाली का आशीर्वाद

ऐतिहासिक गणेशोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री, विघ्नहर्ता के दर्शन कर छत्तीसगढ़ की सुख, शांति और समृद्धि की कामना

117 वर्षों की आस्था के बीच गोल बाजार पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गणपति बप्पा की पूजा कर मांगा प्रदेश की खुशहाली का आशीर्वाद

 

ऐतिहासिक गणेशोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री, विघ्नहर्ता के दर्शन कर छत्तीसगढ़ की सुख, शांति और समृद्धि की कामना

 

रायपुर, 14 सितंबर 2026। राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक गोल बाजार गणेश चतुर्थी के अवसर पर भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया। 117 वर्षों से चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल हुए। उन्होंने गोल बाजार स्थित श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति के पंडाल में विराजित भगवान श्री गणेश के दर्शन किए और विधि विधान से पूजा अर्चना की।

मुख्यमंत्री ने भगवान गणेश को मुकुट पहनाकर तिलक लगाया। मंत्रोच्चार के बीच आरती उतारते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रदेश की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन के लिए भगवान गणेश से आशीर्वाद मांगा।

 

गणेशोत्सव हमारी आस्था के साथ सामाजिक एकता का पर्व

 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भगवान श्री गणेश प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेशोत्सव हमारी धार्मिक आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। यह समाज को एक सूत्र में जोड़ने और आपसी सहभागिता की भावना को मजबूत करने वाली परंपरा भी है।

 

उन्होंने कहा कि गणपति बप्पा की कृपा से छत्तीसगढ़ विकास और समृद्धि के रास्ते पर निरंतर आगे बढ़े तथा प्रदेश के हर घर में सुख और खुशहाली का वास हो, यही उनकी कामना है।

 

117 वर्षों से कायम है गोल बाजार की गौरवशाली परंपरा

 

मुख्यमंत्री ने गोल बाजार में पिछले 117 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे गणेशोत्सव की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीढ़ी दर पीढ़ी आस्था और सामाजिक सहभागिता के साथ किसी परंपरा को जीवंत बनाए रखना अपने आप में गौरव की बात है।

 

उन्होंने कहा कि ऐसी परंपराएं हमारी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का काम करती हैं।

 

गोल बाजार के हनुमान मंदिर के समीप श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा लंबे समय से गणेश चतुर्थी पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की जाती है। यहां स्थापित होने वाली भव्य गणेश प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहती है। गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में लोग भगवान गणेश के दर्शन और पूजा अर्चना के लिए पहुंचते हैं।

 

ढोल नगाड़ों और जयकारों के बीच हुआ मुख्यमंत्री का स्वागत

 

मुख्यमंत्री के गोल बाजार पहुंचने पर गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने आत्मीय स्वागत किया। ढोल नगाड़ों की मंगलध्वनि और गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का फूल मालाओं और गजमाला से अभिनंदन किया।

 

पूजा अर्चना के बाद मुख्यमंत्री गोल बाजार स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने राजधानी की इस प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

 

इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, श्रीचंद सुंदरानी, केदार गुप्ता, छगन मूंदड़ा, अमरजीत छाबड़ा सहित गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

 

दंडकारण्य दर्पण | सच के साथ, समाज के साथ

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!