
1484 वनरक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज, 13 दिसंबर को होगी लिखित परीक्षा
16,762 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में होंगे शामिल, वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा निष्पक्ष और पारदर्शी होगी पूरी प्रक्रिया
रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए वन विभाग में रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। वनरक्षक के 1484 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। इन पदों के लिए शारीरिक मापदंड और शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल रहे 16,762 अभ्यर्थी अब लिखित परीक्षा में शामिल होंगे। लिखित परीक्षा 13 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश और लगातार की जा रही समीक्षा के बाद भर्ती से जुड़े लंबित मामलों का निराकरण करते हुए परीक्षा की तारीख तय की गई है। मंत्री ने अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
युवाओं के परिश्रम का सम्मान सरकार की प्राथमिकता
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश के हजारों युवा लंबे समय से वनरक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे हैं और पूरी मेहनत के साथ परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। सरकार युवाओं के परिश्रम और उनके भविष्य को लेकर गंभीर है। हमारा प्रयास है कि भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी हो और योग्य युवाओं को रोजगार के साथ प्रदेश की सेवा का अवसर मिले।
उन्होंने कहा कि वनरक्षक की नौकरी केवल रोजगार का माध्यम नहीं है, बल्कि प्रदेश की वन संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। चयनित युवा जंगलों, जैव विविधता और वन्यजीवों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
वन संरक्षण में वनरक्षकों की अहम भूमिका
वनरक्षक वन विभाग की मैदानी व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वनों की सुरक्षा, वन्यजीव संरक्षण, अवैध कटाई पर रोक, वन अपराधों की निगरानी और स्थानीय समुदायों के साथ समन्वय में उनकी अहम भूमिका रहती है।
प्रदेश के उन क्षेत्रों में भी वन प्रबंधन और संरक्षण की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जो कभी नक्सल समस्या से प्रभावित रहे हैं। ऐसे क्षेत्रों में वन विभाग की मैदानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए वनरक्षकों की नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
योग्यता के आधार पर होगा चयन
मंत्री केदार कश्यप ने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और मेरिट आधारित होगी। सभी योग्य अभ्यर्थियों को समान अवसर दिया जाएगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता के लिए कोई जगह नहीं होगी।
लिखित परीक्षा निर्धारित नियमों, सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत आयोजित की जाएगी।
1484 नए वनरक्षकों से मजबूत होगी मैदानी व्यवस्था
वनरक्षक के 1484 पदों पर नियुक्ति होने से वन विभाग की मैदानी क्षमता बढ़ेगी। इससे वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा, जैव विविधता संरक्षण, वन अपराधों की रोकथाम और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को मजबूती मिलेगी।
13 दिसंबर को होने वाली लिखित परीक्षा की तारीख तय होने से 16,762 अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए स्पष्ट समयसीमा मिल गई है। राज्य सरकार रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरने और युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि युवाओं को रोजगार का अवसर और प्रदेश की वन संपदा को मजबूत सुरक्षा देना सरकार की प्राथमिकता है। इसी संकल्प के साथ वनरक्षक भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।




