
ग्राम पंचायत धनोरा में 15वीं वित्त की राशि के उपयोग पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल, जांच की मांग
धनोरा। ग्राम पंचायत धनोरा में 15वीं वित्त मद की राशि के उपयोग को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाते हुए बैठक आयोजित की। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत क्षेत्र में कई जरूरी विकास कार्य अब भी लंबित हैं, जबकि उपलब्ध राशि के उपयोग को लेकर स्पष्टता नहीं है।
ग्रामीणों के अनुसार गचूमकाल से कुंडोली रोड तक सड़क मरम्मत का कार्य अब तक नहीं कराया गया है। वहीं हिकपुला से गचूमकाल तक सड़क निर्माण का कार्य भी लंबित है। ग्रामीणों ने कहा कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में सड़क सहित कई मूलभूत सुविधाओं की जरूरत है, लेकिन विकास कार्यों की स्थिति संतोषजनक नहीं है।
बैठक के दौरान 15वीं वित्त मद की राशि से पेंशन संबंधी भुगतान किए जाने को लेकर भी ग्रामीणों ने आपत्ति जताई। इस मामले में ग्राम पटेल सरजू उसेंडी द्वारा सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत का आईडी क्रमांक CC260800151027 बताया गया है।
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत सचिव हेमंत कतलाम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए लापरवाही के आरोप लगाए। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर 15वीं वित्त मद की राशि के उपयोग की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
बैठक में सहायक विकास विस्तार अधिकारी डीके उसेंडी, सहायक विकास विस्तार अधिकारी एचएस उईके, इंजीनियर कमल किशोर देहारी, सरपंच भुनेश्वर दुग्गा, जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी, उपसरपंच झीमटू, पंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं है, बल्कि पंचायत में उपलब्ध शासकीय राशि का सही उपयोग कर गांव में वास्तविक विकास कार्य सुनिश्चित कराना है। ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत की जांच कराने के साथ ही लंबित विकास कार्यों और 15वीं वित्त मद की राशि के उपयोग का परीक्षण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि जांच में राशि के उपयोग में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने यह भी मांग रखी कि यदि तत्कालीन सचिव की कार्यप्रणाली के कारण पंचायत को किसी प्रकार की वित्तीय क्षति हुई है तो जांच के बाद नियमानुसार संबंधित जिम्मेदारी तय कर राशि की भरपाई कराई जाए।
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि उनका उद्देश्य विवाद खड़ा करना नहीं, बल्कि ग्राम पंचायत धनोरा का जमीनी स्तर पर विकास सुनिश्चित कराना है। गांव में सड़क, मूलभूत सुविधाओं और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए, यही सभी ग्रामवासियों की मांग है।





