
भूपेश बघेल के आरोपों पर केदार कश्यप का पलटवार: ‘पांच साल की नाकामियां छिपाने के लिए फैला रहे भ्रम’
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हालिया बयानों पर तीखा हमला बोला है। कश्यप ने कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद भूपेश बघेल लगातार झूठ, भ्रम और बिना प्रमाण के राजनीति कर रहे हैं। एक ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम आवास, स्कूल, पेपर लीक, ट्रांसफर, शराब और खनिज जैसे विषयों पर आरोप लगाने से उनके पांच साल के शासनकाल की नाकामी छिपने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा पर अनर्गल आरोप लगाना पूर्व मुख्यमंत्री की राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।
पीएम आवास पर घेरा
मंत्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना पर सवाल उठाने से पहले भूपेश बघेल को अपने कार्यकाल का रिकॉर्ड देखना चाहिए। कांग्रेस सरकार के समय गरीब परिवारों के आवास का मुद्दा जानबूझकर लटका कर रखा गया, जिसके कारण उनके ही मंत्री ने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके विपरीत, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक में सभी लंबित गरीबों के आवासों को स्वीकृति दे दी।
विभिन्न मुद्दों पर सरकार का रुख
पेपर लीक मामला: पेपर लीक पर राजनीति करने के बजाय कांग्रेस को जांच का इंतजार करना चाहिए। सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों को गिरफ्तार किया है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
ट्रांसफर उद्योग का आरोप: शिक्षा विभाग में ट्रांसफर को लेकर आरोप लगाने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री को इसके ठोस प्रमाण पेश करने चाहिए। बिना तथ्य के प्रशासनिक फैसलों पर आरोप लगाना अब जनता समझ चुकी है।
स्कूलों की स्थिति: पांच साल तक सत्ता में रहने के बाद आज कांग्रेस को स्कूलों की चिंता सता रही है। भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और कमियों को दूर करने का काम कर रही है।
खनिज नीति व संसाधन: राज्य के संसाधनों और छत्तीसगढ़ के हितों की रक्षा भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना तथ्यों का आकलन किए डर का माहौल बनाना कांग्रेस की पुरानी आदत है।
शराब और सट्टा: शराब और सट्टे जैसे विषयों पर बोलने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री अपने शासनकाल के दौरान उठे सवालों को याद करें, जिनका जवाब वे आज तक नहीं दे पाए हैं।
केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश की जनता बयानों से नहीं बल्कि काम और परिणाम से सरकार का मूल्यांकन करती है। राज्य की भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन, विकास और जनकल्याण के मार्ग पर लगातार आगे बढ़ रही है।




