
नगरीय निकायों को एल्डरमैन निधि की 9.44 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निधि का सदुपयोग कर शहरी आबादी तक विकास का लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश
रायपुर, 22 अगस्त 2026। राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगरीय निकायों को एल्डरमैन निधि की पहली किस्त जारी कर दी है। विभाग द्वारा कुल 9 करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपये की राशि जारी की गई है। यह एल्डरमैन निधि की प्रथम किस्त की 50 प्रतिशत राशि है।
इस निधि से मनोनीत पार्षदों यानी एल्डरमैन की अनुशंसा पर स्थानीय स्तर पर विकास कार्य कराए जाते हैं। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने प्रदेश के नगरीय निकायों को यह राशि जारी की है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगरीय निकायों को निर्देश दिए हैं कि एल्डरमैन निधि का उपयोग जनहित और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया जाए। उन्होंने कहा कि निधि के माध्यम से शहरी क्षेत्रों की जनता को विकास कार्यों और आवश्यक सुविधाओं का समुचित लाभ मिलना चाहिए।
विभाग द्वारा जारी राशि में प्रदेश के 10 नगर निगमों के लिए कुल 2 करोड़ 7 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसी तरह 53 नगर पालिकाओं के लिए 3 करोड़ 93 लाख रुपये तथा 102 नगर पंचायतों के लिए 3 करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपये जारी किए गए हैं।
एल्डरमैन निधि का उपयोग स्थानीय स्तर पर आवश्यक विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। इससे नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
राज्य सरकार की ओर से नगरीय निकायों को निधि का प्रभावी और पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है, ताकि उपलब्ध राशि का वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक पहुंच सके।




