
छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता के प्रारूप पर मंथन
27 अगस्त को रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में होगी राज्य स्तरीय बैठक
रायपुर, 21 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता लागू करने और इसके प्रारूप को तैयार करने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल शुरू कर दी है। शासन द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति की उपस्थिति में 27 अगस्त को राजधानी रायपुर के न्यू सर्किट हाउस स्थित कन्वेंशन हॉल में राज्य स्तरीय परिचयात्मक बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में समान नागरिक संहिता को लेकर व्यापक विचार विमर्श किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों से करीब 200 प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है। बैठक में शामिल प्रतिनिधियों से उनके विचार, अनुभव और सुझाव लिए जाएंगे, ताकि यूसीसी के प्रस्तावित स्वरूप को लेकर व्यापक राय सामने आ सके।
बैठक में समान नागरिक संहिता के विभिन्न प्रावधानों, इसके सामाजिक प्रभाव और व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा होगी। राज्य सरकार का उद्देश्य सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए एक समावेशी और संतुलित प्रारूप तैयार करना है।
सरकार की ओर से विभिन्न सामाजिक और अन्य समूहों को भी आगे अलग-अलग चर्चा के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इन बैठकों के माध्यम से प्राप्त सुझावों को यूसीसी के प्रारूप को तैयार करने में महत्वपूर्ण आधार माना जाएगा।




