
गरांजी में 70 छात्राओं को मिली साइकिल, शिक्षा की राह हुई आसान
सरस्वती साइकिल योजना से बेटियों की शिक्षा और सपनों को मिलेगी नई उड़ान: रूपसाय सलाम
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत शासकीय बुनियादी कन्या शिक्षा परिसर, गरांजी में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं की 70 पात्र छात्राओं को साइकिल वितरित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम तथा विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य संतनाथ उसेण्डी रहे। मुख्य अतिथि रूपसाय सलाम ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरस्वती साइकिल योजना बेटियों के लिए स्कूल तक पहुंचने की राह आसान करने के साथ उनके सपनों को भी नई उड़ान देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बेटियां शिक्षा, संस्कार और प्रतिभा के बल पर परिवार, समाज, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।
विशिष्ट अतिथि संतनाथ उसेण्डी ने छात्राओं को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न छात्र हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया।
साइकिल मिलने पर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। छात्राओं ने शासन की इस कल्याणकारी योजना के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने सराहा।
कार्यक्रम में पार्षद कमलापति मिश्र, ग्राम पंचायत गरांजी की सरपंच चंद्रिका वड्डे, वरिष्ठ नागरिक गोपाल राम दुग्गा, संस्था प्राचार्य कमलेश सिंह, रामलाल देवांगन, संगीता पाण्डे, महेश कुमार उसेण्डी, भारत कुमार शर्मा, शैलेशचन्द्र देवांगन, पुष्पा सिंह, नीता देवांगन, शोभना मांझी, खुशबू पाटिल, लोकनाथ नायक, कायनात परवीन, धनंजय साहू, लखेन्द देवांगन, खुशबू कस्तुरे, इन्दुमानिकपुरी, पुनिया नेताम, दामिनी चन्द्रवंशी, प्रतिभा भानु, शिशिर शुक्ला, शैलेश खलखो, तरूण ध्रुव, सुनीता कुमेटी सहित विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाएं और स्टाफ उपस्थित रहे।




