header ads
अबूझमाड़छत्तीसगढ़टैकनोलजीनारायणपुरबस्तर

CG साइबर अपराध के खिलाफ नारायणपुर में शुरू हुआ साइबर जागृति अभियान

15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह चलेगा अभियान, पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने किया जिला स्तरीय शुभारंभ

साइबर अपराध के खिलाफ नारायणपुर में शुरू हुआ साइबर जागृति अभियान

 

15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह चलेगा अभियान, पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने किया जिला स्तरीय शुभारंभ

 

नारायणपुर, 14 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति आम लोगों को जागरूक करने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी साइबर जागृति अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में नारायणपुर जिले में पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने शुक्रवार को जिला स्तरीय अभियान का शुभारंभ किया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अभियान के लोगो और क्यूआर कोड का विमोचन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने अभियान के उद्देश्य, साइबर अपराध से बचाव के उपाय और जिले में आयोजित होने वाली जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी।

 

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर अपराध के तरीके लगातार बदल रहे हैं। ऐसे में लोगों में जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है। साइबर अपराध के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है।

 

साइबर जागृति की एक सेल्फी होगी अभियान की मुख्य थीम

 

अभियान की मुख्य थीम साइबर जागृति की एक सेल्फी रखी गई है। नागरिक छत्तीसगढ़ पुलिस और जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल पर उपलब्ध लिंक या क्यूआर कोड के माध्यम से जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी तस्वीर लेकर सोशल मीडिया पर साझा कर सकेंगे।

 

पुलिस का उद्देश्य सोशल मीडिया की व्यापक पहुंच के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। पुलिस अधीक्षक ने सामाजिक और व्यापारिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, संस्थानों, युवाओं, विद्यार्थियों, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, कलाकारों और आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

 

सात सप्ताह में अलग-अलग विषयों पर जागरूकता

 

नारायणपुर पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह के दौरान अलग-अलग वर्गों को ध्यान में रखते हुए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

पहले सप्ताह में स्कूल और कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता, ऑनलाइन सुरक्षा और साइबर सुरक्षा की बुनियादी जानकारी दी जाएगी।

 

दूसरे सप्ताह में बैंकों और वित्तीय संस्थानों के सहयोग से वित्तीय धोखाधड़ी, यूपीआई फ्रॉड और सुरक्षित डिजिटल लेनदेन के संबंध में जागरूक किया जाएगा।

 

तीसरे सप्ताह में वरिष्ठ नागरिकों के बीच डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल और ऑनलाइन ठगी से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे।

 

चौथे सप्ताह में महिला कॉलेजों और सामुदायिक समूहों के बीच स्मार्टफोन प्राइवेसी, सुरक्षित ब्राउजिंग और डिजिटल सुरक्षा पर जानकारी दी जाएगी।

 

पांचवें सप्ताह में युवाओं को जॉब फ्रॉड, फिशिंग और ऑनलाइन रोजगार के नाम पर होने वाली ठगी से बचाने के लिए रोजगार कार्यालय, आईटीआई और कौशल विकास केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

छठे सप्ताह में डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

 

सातवें सप्ताह में गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में साइबर मुक्त छत्तीसगढ़ का संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा।

 

चौक चौराहों और बाजारों में भी होगा प्रचार

 

अभियान के दौरान नारायणपुर पुलिस की जिला स्तरीय टीम और थाना पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक चौराहों, बाजारों, पार्कों सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर पोस्टर और बैनर के माध्यम से साइबर जागरूकता का संदेश पहुंचाया जाएगा। पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और विभिन्न व्हाट्सऐप समूहों के माध्यम से भी जागरूकता सामग्री और अभियान की जानकारी साझा की जाएगी।

 

2 अक्टूबर को होगा अभियान का समापन

 

प्रदेशव्यापी साइबर जागृति अभियान का समापन 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर होगा। इस दौरान साइबर अपराध से सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।

 

पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपनी व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

 

 

 

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!