
तिरंगों से सजा नारायणपुर, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर
विशाल तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, शहीदों को किया नमन
देशभक्ति के जज्बे से बुधवार को नारायणपुर का माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। शहर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा में हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सड़कों पर लहराते तिरंगे और भारत माता के जयघोष ने पूरे शहर में देशभक्ति का माहौल बना दिया।
तिरंगा यात्रा में बाइक सवारों की बड़ी टोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। युवाओं से लेकर आम नागरिकों तक हर कोई हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा में शामिल हुआ। बारिश से घिरे आसमान के बीच भी तिरंगे पूरे उत्साह के साथ लहराते नजर आए। यात्रा में शामिल लोगों के चेहरों पर देश के प्रति सम्मान और शहीदों के प्रति श्रद्धा साफ दिखाई दे रही थी।
इस भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप भी शामिल हुए। दोनों नेताओं ने तिरंगा यात्रा में सहभागिता कर लोगों का उत्साह बढ़ाया। उनके साथ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, युवा और आम नागरिक यात्रा का हिस्सा बने।
यात्रा के दौरान शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। आयोजन स्थल पर बनाई गई आकर्षक रंगोली के माध्यम से शहीदों के सम्मान और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया। तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने देश की एकता, अखंडता और वीर जवानों के बलिदान को नमन किया।




