
छत्तीसगढ़ को GeM सस्टेनेबल प्रोक्योरमेंट अवार्ड, सरकारी खरीदी 113 प्रतिशत बढ़कर 3,935 करोड़ पहुंची
रायपुर। छत्तीसगढ़ को गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) के 10वें स्थापना दिवस समारोह में सस्टेनेबल प्रोक्योरमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में राज्य को यह सम्मान प्रदान किया गया।
GeM के एक दशक पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह की थीम GeM 10: A Decade of Exponential Possibilities रही। राज्य सरकारों के लिए निर्धारित प्रीमियर अवार्ड्स स्टेट गवर्नमेंट फेलिसिटेशन श्रेणी में छत्तीसगढ़ को GeM के प्रभावी उपयोग और इसके माध्यम से सरकारी खरीदी में उल्लेखनीय वृद्धि के लिए यह पुरस्कार दिया गया।
सरकारी खरीदी में 130 करोड़ रुपये की बचत
GeM के माध्यम से पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी निविदा प्रक्रिया अपनाने से वित्तीय वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ शासन को करीब 130 करोड़ रुपये की बचत हुई है। यह बचत विभागों द्वारा निर्धारित अनुमानित लागत और प्रतिस्पर्धी बोली के बाद प्राप्त वास्तविक बाजार मूल्य के अंतर से हुई।
पिछले तीन वित्तीय वर्षों में प्रतिस्पर्धी खरीदी के माध्यम से राज्य सरकार को कुल 235 करोड़ रुपये की बचत हुई है। GeM की खुली बोली प्रक्रिया और डिजिटल रिकॉर्ड के कारण सरकारी खरीदी में पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिला है।
GeM से खरीदी बढ़कर 3,935 करोड़ रुपये
छत्तीसगढ़ में GeM के माध्यम से सरकारी खरीदी वित्तीय वर्ष 2025-26 में बढ़कर 3,935 करोड़ रुपये पहुंच गई। पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इसमें 113 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
राज्य सरकार द्वारा विभागों, निगमों और स्थानीय निकायों की खरीदी को साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने के प्रयासों से GeM के उपयोग में तेजी आई है। इससे सरकारी खरीदी में प्रतिस्पर्धी दरों और पारदर्शी प्रक्रिया को बढ़ावा मिला है।
छोटे उद्यमों को मिले 1,800 करोड़ रुपये के ऑर्डर
GeM के बढ़ते उपयोग का लाभ प्रदेश के सूक्ष्म और लघु उद्यमों को भी मिला है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों से खरीदी 61 प्रतिशत बढ़कर 1,800 करोड़ रुपये हो गई। यह सरकार द्वारा निर्धारित 25 प्रतिशत MSE खरीद लक्ष्य से काफी अधिक है।
महिला उद्यमियों से खरीदी में 97 प्रतिशत और अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के उद्यमियों से खरीदी में 108 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं स्टार्टअप से सरकारी खरीदी में सबसे अधिक 178 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
GeM ने उद्यमियों को सरकारी बाजार से सीधे जोड़ने का काम किया
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ को मिले इस सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि GeM ने प्रदेश के उद्यमियों को बिना किसी मध्यस्थ के सीधे सरकारी मांग और बाजार से जुड़ने का अवसर दिया है।
उन्होंने कहा कि महिला उद्यमियों, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के उद्यमियों और स्टार्टअप की भागीदारी में हुई वृद्धि इस पारदर्शी व्यवस्था की सफलता को दर्शाती है। खुला और पारदर्शी डिजिटल मार्केटप्लेस प्रत्येक उद्यमी को समान अवसर उपलब्ध कराता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि GeM की व्यवस्था का लाभ प्रदेश के अधिक से अधिक सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों, महिला उद्यमियों, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के उद्यमियों और स्टार्टअप तक पहुंचे। पारदर्शी सरकारी खरीदी के साथ स्थानीय उद्यमिता को मजबूत करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में सरकार लगातार आगे बढ़ रही है।




