CG: बंद कमरे में मौत का रहस्य, युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप
फरसगांव में संदिग्ध मौत से सनसनी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

दण्डकारण्य दर्पण
फरसगांव में बंद कमरे से मिला 40 वर्षीय युवक का शव, पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी
संवाददाता – धनेन्द्र निषाद
कोंडागांव। जिले के नगर पंचायत फरसगांव के वार्ड क्रमांक 4 में मंगलवार शाम एक 40 वर्षीय युवक का शव उसके ही कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विजय सेठिया उर्फ ललित, पिता दीनबन्धु सेठिया के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, विजय सोमवार रात अपने कमरे में गया था। मंगलवार सुबह परिवार के सदस्य अपने-अपने काम पर निकल गए। शाम लगभग छह बजे जब वे वापस लौटे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। विजय का शव बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में पड़ा था।
प्रारंभिक जांच में मृतक की कलाई पर गहरे कट का निशान मिला है, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव होने की आशंका जताई जा रही है। कमरे में खून फैला हुआ था। वहीं पास रखी एक टेबल से पुलिस ने एक ब्लेड भी बरामद किया है, जिसे अन्य साक्ष्यों के साथ जब्त कर लिया गया है।
सूचना मिलने के बाद फरसगांव पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जानकारी मिल सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।




