
सहकारिता क्षेत्र को नई मजबूती देने की तैयारी, डिजिटल बैंकिंग विस्तार पर सरकार का जोर
रायपुर, 28 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ सरकार सहकारिता क्षेत्र को अधिक मजबूत, पारदर्शी और जनहितैषी बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसी कड़ी में सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने मंगलवार को नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ अपैक्स बैंक एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
बैठक में सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने, किसानों तक बेहतर बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान सहकारी संस्थाओं को अधिक जवाबदेह, आधुनिक और जनोन्मुखी बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर भी विचार किया गया। बैठक में बैंकिंग व्यवस्था में तकनीकी सुधार, सेवा गुणवत्ता बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया।
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सहकारिता व्यवस्था ग्रामीण विकास की रीढ़ है और इसे सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी जिला सहकारी बैंकों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों और अधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि प्रदेश का सहकारिता तंत्र अधिक प्रभावी और जनहितैषी बन सके।
बैठक में सहकारिता क्षेत्र को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने, आधुनिक बैंकिंग प्रणाली अपनाने और किसानों को सरल, सुरक्षित एवं पारदर्शी वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस रणनीति पर भी चर्चा की गई। सरकार का मानना है कि मजबूत सहकारिता व्यवस्था से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और किसानों को योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त होगा।




