
रायपुर।
छत्तीसगढ़ सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन महीने के लिए बढ़ा दी है। योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं के बकाया बिजली बिल पर लगने वाला सरचार्ज पूरी तरह माफ किया जाएगा। सरकार के इस निर्णय से हजारों उपभोक्ताओं को लंबित बिजली बिल का भुगतान करने में आसानी होगी।
योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता अपने नजदीकी बिजली कार्यालय में जाकर पंजीयन करा सकते हैं। इसके अलावा मोर बिजली मोबाइल ऐप और विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है, जिससे उपभोक्ता घर बैठे भी योजना से जुड़ सकते हैं।
बिजली विभाग के अनुसार अब तक 42 हजार से अधिक उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठा चुके हैं। सरकार को उम्मीद है कि योजना की अवधि बढ़ने से और अधिक उपभोक्ता इसका लाभ लेकर अपने बकाया बिजली बिल का आसानी से भुगतान कर सकेंगे।




