
बिलासपुर। प्लेस ऑफ सेफ्टी (विशेष गृह) में चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे की हत्या कर चार किशोर अपचारियों के फरार होने के मामले में बिलासपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। बिहार के पटना से फरार किशोर अपचारी विशाल चौबे को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक चार में से दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि दो अन्य की तलाश लगातार जारी है।
यह घटना 12 और 13 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि की है। घटना के बाद थाना सरकंडा में हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने विशेष जांच दल गठित किए। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को कोरबा, रायगढ़, बिहार, अनूपपुर और उत्तर प्रदेश भेजा गया। पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, जबकि अब विशाल चौबे की गिरफ्तारी के बाद जांच में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि फरार दोनों किशोर अपचारियों के संबंध में रायगढ़ और उत्तर प्रदेश से अहम सुराग मिले हैं। पुलिस को विश्वास है कि दोनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसएसपी ने यह भी कहा कि घटना के बाद कुछ लोग मृतक के परिजनों को धरना-प्रदर्शन जारी रखने के लिए भड़का रहे हैं और ऐसी मांगें करवा रहे हैं, जिनका कानूनी आधार नहीं है। पुलिस ऐसे लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। यदि पर्याप्त साक्ष्य मिले तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिन लोगों पर पहले से गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और जो जमानत पर बाहर हैं, उनकी जमानत निरस्त कराने के लिए भी न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस और जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि घटना के दिन से ही शासन के नियमानुसार मृतक के परिवार को मिलने वाली सहायता और मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। इस संबंध में पूरी जानकारी परिजनों को उपलब्ध कराई जा चुकी है। इसके बावजूद कुछ लोग माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं, जिन पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
इस बीच 18 जुलाई को मृतक नरेंद्र खांडे की पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर प्रशासन के निर्देश पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें देर रात सिम्स अस्पताल, बिलासपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बिलासपुर पुलिस ने कहा है कि मृतक परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है और हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष, पारदर्शी और सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फरार दोनों आरोपियों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।




