International News: अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से हराया, लगातार दूसरी बार फाइनल में बनाई जगह

दंडकारण्य दर्पण
फीफा विश्व कप 2026
अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से हराया, लगातार दूसरी बार फाइनल में बनाई जगह
नई दिल्ली- 16 जुलाई। फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में फुटबॉल प्रेमियों को सांसें थाम देने वाला मुकाबला देखने को मिला। इंग्लैंड ने दूसरे हाफ में बढ़त बनाकर जीत की उम्मीद जगाई, लेकिन मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना ने अंतिम क्षणों में शानदार वापसी करते हुए 2-1 से जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार विश्व कप फाइनल में प्रवेश कर लिया।
मैच का पहला हाफ गोलरहित रहा। दूसरे हाफ के 55वें मिनट में एंथनी गॉर्डन ने गोल कर इंग्लैंड को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद इंग्लैंड ने बढ़त बचाने की कोशिश की, लेकिन अर्जेंटीना ने लगातार आक्रामक खेल दिखाया।
85वें मिनट में एंजो फर्नांडीज़ ने शानदार गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद अतिरिक्त समय के दूसरे मिनट में लियोनेल मेसी के सटीक क्रॉस पर लाउतारो मार्टिनेज ने हेडर से विजयी गोल दाग दिया। अंतिम सीटी बजते ही अर्जेंटीना के खिलाड़ी और समर्थक जश्न में डूब गए, जबकि इंग्लैंड के खिलाड़ियों के चेहरे पर निराशा साफ दिखाई दी।
अर्जेंटीना की जीत में लियोनेल मेसी की कप्तानी, आक्रमण की धार और टीम की जुझारू मानसिकता निर्णायक साबित हुई। इंग्लैंड ने अधिकांश समय तक मुकाबले में बराबरी की टक्कर दी, लेकिन अंतिम मिनटों में रक्षापंक्ति की चूक उस पर भारी पड़ गई।
अब विश्व कप 2026 का खिताबी मुकाबला अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेला जाएगा। दूसरी ओर, इंग्लैंड और फ्रांस तीसरे स्थान के लिए आमने-सामने होंगे।




